अहमदाबाद विमान हादसा: मृतकों की संख्या बढ़कर 274 हुई

अहमदाबाद में हुए भयावह विमान हादसे में मृतकों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। शनिवार तक इस त्रासदी में कुल 274 लोगों की जान जा चुकी है। मृतकों में विमान में सवार यात्री, पायलट, क्रू मेंबर, मेडिकल हॉस्टल के निवासी और आसपास के इलाके में मौजूद लोग शामिल हैं।

लंदन जा रहा विमान चंद सेकेंड में बन गया राख

यह विमान अहमदाबाद से लंदन के गैटविक एयरपोर्ट के लिए रवाना हुआ था, लेकिन उड़ान भरने के कुछ ही पलों बाद यह भीषण हादसे का शिकार हो गया। विमान में कुल 242 लोग सवार थे। हादसे के दौरान गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी भी विमान में मौजूद थे। इस हादसे में एकमात्र जीवित बचने वाले व्यक्ति भारतीय मूल के ब्रिटिश नागरिक कुमार विश्वास हैं।

हादसे में मरने वालों की संख्या में लगातार इजाफा

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, विमान में सवार 241 लोगों की मौत पहले ही पुष्टि हो चुकी थी। यह विमान सरदार वल्लभभाई पटेल मेडिकल हॉस्टल से टकराया था, जहां उस समय 50 से 60 लोग मौजूद थे। इनमें से कई लोग घायल हुए, जबकि कुछ की जान चली गई। शनिवार तक मृतकों की कुल संख्या 274 हो चुकी है, जिसमें विमान के 241 यात्री और आस-पास के 33 लोग शामिल हैं।

शवों की पहचान के लिए DNA टेस्टिंग जारी

हादसे में मृत व्यक्तियों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए DNA जांच करवाई जा रही है। अहमदाबाद के सिविल अस्पताल में अब तक 270 से अधिक शवों का पोस्टमार्टम किया जा चुका है। 200 से ज्यादा लोगों के DNA नमूने लिए जा चुके हैं। जिन शवों की पहचान हो रही है, उन्हें उनके परिजनों को सौंपा जा रहा है।

प्रधानमंत्री मोदी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को अहमदाबाद पहुंचे और घटनास्थल का जायज़ा लिया। उन्होंने अस्पताल में जाकर इकलौते जीवित बचे व्यक्ति कुमार विश्वास से मुलाकात की और अन्य घायलों का हालचाल जाना। प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया पर दुख जताते हुए लिखा, “अहमदाबाद की दुर्घटना हृदय विदारक है। प्रभावितों के प्रति गहरी संवेदना है। घटनास्थल पर पहुंचकर हालात का जायज़ा लिया और संबंधित अधिकारियों से चर्चा की।”

टाटा ग्रुप देगा मृतकों को मुआवजा

टाटा संस के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन ने हादसे पर गहरा दुख जताते हुए कहा कि इस त्रासदी में अपनों को खोने का दर्द असहनीय है। उन्होंने घोषणा की कि हादसे में जिन लोगों ने अपने परिजन गंवाए हैं, उन्हें टाटा समूह की ओर से 1-1 करोड़ रुपये का मुआवजा दिया जाएगा। साथ ही घायल व्यक्तियों के इलाज का खर्च भी टाटा समूह वहन करेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here