अररिया। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अररिया में सीमा सुरक्षा बल (SSB) के जवानों को संबोधित करते हुए कहा कि सीमांचल क्षेत्र से घुसपैठियों को बाहर करने के लिए विशेष अभियान जल्द ही शुरू किया जाएगा। उन्होंने बताया कि अवैध घुसपैठ ने इलाके की जनसांख्यिकी को प्रभावित किया है और सीमा सुरक्षा के साथ-साथ स्मगलिंग, नशीली दवाओं और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों पर भी कड़ी नजर रखी जाएगी।
शाह ने कहा, “इस अभियान के लिए स्पष्ट SOP तैयार की जाएगी ताकि जवान पूरी सतर्कता से अपनी ड्यूटी निभा सकें। खुली सीमाओं की सुरक्षा एक बड़ी चुनौती है। हमने चुनाव में बिहार की जनता से वादा किया था और हम उसे पूरा करेंगे। हर एक घुसपैठी को चिन्हित कर भारत की सीमा से बाहर किया जाएगा। यह कोई चुनावी वादा नहीं, बल्कि हमारी प्रतिबद्धता है।”
इससे पहले अमित शाह किशनगंज के पूर्व पाली स्थित हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना की। उनके साथ बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी भी मौजूद रहे।
अमित शाह ने अररिया दौरे के दौरान MGM मेडिकल कॉलेज में उच्च स्तरीय बैठक की, जिसमें बिहार और बंगाल के करीब 10 वरिष्ठ नेता भी शामिल हुए। शाह आज माछमारा हवाई पट्टी से हेलीकॉप्टर द्वारा अररिया पहुंचे। उनके छह घंटे के दौरे में सीमा चौकियों का निरीक्षण, नए निर्माण भवनों का उद्घाटन और सीमावर्ती जिलों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ रणनीतिक बैठक शामिल है।