तेलंगाना के मोइनाबाद में एक फार्महाउस में चल रही पार्टी पर पुलिस ने देर रात छापा मारा। इस दौरान टीडीपी सांसद पुट्टा महेश कुमार और पूर्व बीआरएस विधायक रोहित रेड्डी समेत छह लोगों को कथित तौर पर ड्रग्स लेने के आरोप में हिरासत में लिया गया।
पुलिस के मुताबिक, उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि रोहित रेड्डी के फार्महाउस में ड्रग्स पार्टी आयोजित की जा रही है। सूचना के आधार पर ईगल फोर्स और स्थानीय पुलिस की टीम ने शनिवार रात संयुक्त रूप से कार्रवाई की। इस दौरान पार्टी में शामिल एक व्यक्ति ने कथित रूप से रिवॉल्वर से हवा में तीन राउंड फायरिंग भी की।
मौके पर पुलिस ने 11 लोगों का यूरिन ड्रग टेस्ट किया। प्रारंभिक जांच में रोहित रेड्डी और पांच अन्य व्यक्ति ड्रग्स के लिए पॉजिटिव पाए गए। हालांकि टीडीपी सांसद महेश कुमार का पहला यूरिन टेस्ट नेगेटिव आया। नियमों के अनुसार, सभी को अस्पताल ले जाकर दूसरी जांच कराई गई। इस बार ब्लड टेस्ट में सांसद महेश कुमार सहित कुल छह लोग ड्रग्स लेने में पॉजिटिव पाए गए। ईगल फोर्स के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सांसद का शुरुआती यूरिन टेस्ट नेगेटिव आया था, लेकिन खून की जांच में वह पॉजिटिव मिले।
पुलिस ने मौके से लगभग दो ग्राम नशीला पदार्थ बरामद किया है, जिसे फॉरेंसिक जांच के लिए लैब भेजा गया है। अधिकारी अब यह पता लगाने में लगे हैं कि ड्रग्स कहाँ से लाए गए और इसका सेवन फार्महाउस में ही हुआ या किसी अन्य जगह किया गया।
पार्टी में रियल एस्टेट कारोबारी, बड़े व्यापारी और राजनीतिक शख्सियतें भी मौजूद थीं। हिरासत में लिए गए लोगों में एक महिला भी शामिल थी। फायरिंग में इस्तेमाल किए गए हथियार को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है। मामले की आगे की जांच अभी जारी है।