भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के चुनाव की प्रक्रिया आज से औपचारिक रूप से शुरू हो रही है। सोमवार, 19 जनवरी को पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन अध्यक्ष पद के लिए अपना नामांकन दाखिल करेंगे। उनके नामांकन को व्यापक समर्थन दिखाने के उद्देश्य से सभी राज्यों से प्रस्ताव मंगवाए गए हैं।

नितिन नबीन के नामांकन पत्रों में प्रस्तावक के रूप में न केवल विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधि शामिल होंगे, बल्कि बीजेपी संसदीय दल की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, नितिन गडकरी, राजनाथ सिंह सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता भी प्रस्तावक बनेंगे।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, दोपहर 2 बजे से 4 बजे के बीच नामांकन दाखिल किया जाएगा। इसके बाद 4 से 5 बजे तक नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि 5 से 6 बजे के बीच नाम वापस लेने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। हालांकि अध्यक्ष पद के नाम का औपचारिक ऐलान 20 जनवरी को किया जाएगा।

दिल्ली बुलाए गए सभी राज्यों के शीर्ष नेता

नामांकन के अवसर पर सभी राज्यों के मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष, संगठन महामंत्री, प्रदेश प्रभारी और सह-प्रभारी को दोपहर 2 बजे पार्टी मुख्यालय में मौजूद रहने के निर्देश दिए गए हैं। सभी राज्यों से प्रस्ताव मंगाकर पार्टी यह संदेश देना चाहती है कि नए राष्ट्रीय अध्यक्ष को देशभर से समर्थन प्राप्त है।

सभी राज्यों से प्रस्तावकों की मांग

बीजेपी के संविधान के अनुसार राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव के लिए न्यूनतम पांच राज्यों से प्रस्ताव अनिवार्य होते हैं, जिसमें प्रत्येक सेट में 20 प्रस्तावक शामिल होते हैं। हालांकि इस बार पार्टी ने इससे आगे बढ़ते हुए सभी राज्यों से प्रस्ताव जुटाए हैं, ताकि संगठनात्मक एकजुटता को स्पष्ट रूप से प्रदर्शित किया जा सके।

प्रत्येक राज्य को प्रस्तावकों के लिए अलग-अलग फॉर्म भेजे गए थे, जिनमें 20-20 प्रस्तावकों के नाम और हस्ताक्षर शामिल किए गए। ये सभी फॉर्म 18 जनवरी तक दिल्ली भेज दिए गए, ताकि नामांकन से पहले सभी औपचारिकताएं पूरी हो सकें।

20 जनवरी को होगा औपचारिक एलान

20 जनवरी को नितिन नबीन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने की आधिकारिक घोषणा की जाएगी। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत पार्टी के वरिष्ठ नेता, बीजेपी शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष, संगठन महामंत्री और राष्ट्रीय पदाधिकारी उपस्थित रहेंगे। चुनाव की प्रक्रिया पार्टी मुख्यालय में संपन्न कराई जाएगी और प्रधानमंत्री के संबोधन की भी संभावना है।

21 जनवरी को पहली अहम बैठक

राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने के बाद 21 जनवरी को नितिन नबीन सभी राष्ट्रीय पदाधिकारियों के साथ पहली औपचारिक बैठक करेंगे। इस बैठक में प्रदेश अध्यक्ष, संगठन महामंत्री और प्रदेश प्रभारी भी शामिल होंगे। बैठक के दौरान नितिन नबीन पदाधिकारियों को संबोधित करेंगे और आगे की रणनीति पर चर्चा की जाएगी।

कुछ राज्यों में संगठन चुनाव अभी बाकी

बीजेपी की जारी मतदाता सूची के अनुसार राष्ट्रीय अध्यक्ष चुनाव में कुल 5708 मतदाता शामिल हैं। यह सूची 30 राज्यों में पूर्ण हुए संगठनात्मक चुनावों के आधार पर तैयार की गई है। हालांकि दिल्ली, हरियाणा, त्रिपुरा और कर्नाटक जैसे कुछ राज्यों में संगठन चुनाव की प्रक्रिया अभी पूरी नहीं हो पाई है।