पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में पार्टी की हार को स्वीकार कर लिया है। राहुल गांधी ने चुनाव प्रचार में जुटे पार्टी कार्यकर्ताओं का शुक्रिया अदा किया है। इसके साथ ही राहुल गांधी ने कहा कि वे जनता के फैसले को स्वीकार करते हैं और अपने कार्यकर्ताओं के साथ ही उन लाखों लोगों का शुक्रिया अदा करते हैं जिन्होंने कांग्रेस का समर्थन किया।
राहुल गांधी ने एक ट्वीट कर कहा कि हम विनम्रता से जनता के आदेश को स्वीकार करते हैं। उन हजारों कार्यकर्ताओं और लाखों लोगों का आभार, जिन्होंने जमीन पर हमारा साथ दिया। हम अपने मूल्यों और आदर्शों के लिए लड़ते रहेंगे। जय हिंद।
इससे पहले कांग्रेस पार्टी ने भी चुनाव में हार स्वीकार करते हुए कहा कि वह अपनी गलतियों को सुधारेगी। वहीं दूसरी ओर पार्टी के प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने इस बात पर भी जोर दिया कि राष्ट्रीय स्तर पर कांग्रेस ही एकमात्र मजबूत विकल्प है।
बता दें कि कांग्रेस असम और केरल में सत्ता में वापसी की अपनी कोशिश में सफल नहीं हो सकी। वह यहां मुख्य विपक्षी दल के रूप में थी। उधर, पश्चिम बंगाल में कांग्रेस का सफाया हो गया और पुडुचेरी में भी उसे हार का मुंह देखना पड़ा। तमिलनाडु में द्रमुक के नेतृत्व वाला गठबंधन जीत की ओर अग्रसर है, जिसमें कांग्रेस भी शामिल है।