मनोज बाजपेयी की आगामी फिल्म ‘घूसखोर पंडित’ के शीर्षक को लेकर देशभर में विरोध की लहर बढ़ती जा रही है। भोपाल, लखनऊ समेत कई शहरों में फिल्म के नाम पर नाराजगी व्यक्त की जा रही है। इस विवाद के बीच भाजपा सांसद और सूचना प्रौद्योगिकी स्थायी समिति के अध्यक्ष निशिकांत दुबे का बयान सामने आया। उन्होंने कहा कि वह आईटी कमेटी के चेयरमैन हैं और इस मामले पर चर्चा के बाद ही कोई प्रतिक्रिया देंगे।

एफएमसी ने जारी किया नोटिस
फिल्म निर्माता संघ (FMC) ने भी मेकर्स को नोटिस भेजा है। नोटिस में कहा गया कि फिल्म का शीर्षक ‘घूसखोर पंडित’ नियमों के तहत अनुमोदित नहीं था। निर्देशक और निर्माता नीरज पांडे, जो इंडियन मोशन पिक्चर प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन के सदस्य हैं, ने शीर्षक के उपयोग के लिए अनुमति नहीं ली थी। इसके चलते एफएमसी ने कहा कि बिना अनुमति शीर्षक का उपयोग अनुशासनात्मक कार्रवाई का कारण बन सकता है।

निर्माता और अभिनेता ने दी सफाई
विरोध के बढ़ने के बाद फिल्म के निर्माता नीरज पांडे और अभिनेता मनोज बाजपेयी ने मामले पर स्पष्टीकरण जारी किया। उन्होंने कहा कि फिल्म का उद्देश्य किसी समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुँचाना नहीं है।

मनोज बाजपेयी ने अपने बयान में लिखा, “मैं जनता की चिंताओं और भावनाओं का सम्मान करता हूं। जब किसी काम से किसी को ठेस पहुँचती है, तो हमें रुककर उसकी बात सुननी चाहिए। मेरी भूमिका केवल एक किरदार और उसकी कहानी तक सीमित है। फिल्म किसी जाति या समुदाय के खिलाफ टिप्पणी नहीं करती। नीरज पांडे हमेशा अपनी फिल्मों में गंभीरता और सावधानी बरतते हैं। जनता की भावनाओं को देखते हुए हमनें प्रचार सामग्री हटाने का निर्णय लिया है।”

फिल्म की कहानी और कलाकार
फिल्म रितेश शाह द्वारा निर्देशित है और इसे नीरज पांडे ने प्रोड्यूस किया है। मनोज बाजपेयी फिल्म में अजय दीक्षित का किरदार निभा रहे हैं, जो एक रिश्वतखोर पुलिसवाला है। इसके अलावा फिल्म में नुसरत भरूचा, कीकू शारदा, दिव्या दत्ता, साकिब सलीम, श्रद्धा दास और अक्षय ओबेरॉय प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे।

फिल्म के निर्माताओं ने यह भी कहा कि वे जनता की संवेदनाओं का सम्मान करते हुए प्रचार सामग्री पर अंकुश लगाने का निर्णय ले चुके हैं और पूरी फिल्म को सही संदर्भ में देखने का आग्रह किया है।