रायपुर में शुक्रवार सुबह स्कूल जाते समय दो नाबालिग बच्चों के साथ भयंकर सड़क हादसा हो गया। हादसा इतना गंभीर था कि एक बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके साथ जा रही बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। यह दर्दनाक घटना शहर के प्रतिष्ठित छत्तीसगढ़ क्लब के सामने हुई।

स्थानीय लोगों ने घायल बच्ची को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल था और लोगों में गुस्सा देखने को मिला।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बच्चों को टक्कर देने वाला वाहन ट्रैफिक पुलिस की क्रेन (टोइंग गाड़ी) थी। स्थानीय लोगों का आरोप है कि क्रेन चालक लापरवाही से गाड़ी चला रहा था और घटना के बाद मौके से फरार हो गया।

पुलिस टीम ने तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर मृत बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मामले की जांच शुरू कर दी गई है और फरार चालक की तलाश जारी है। प्रशासन ने भी हादसे की गंभीरता को देखते हुए जांच के आदेश दे दिए हैं।