शिमला। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने भाजपा पर पलटवार करते हुए कहा है कि भाजपा विधायक दल राज्यपाल से मिलने जा रहा है, लेकिन उन्हें हिमाचल प्रदेश के हितों की बात करनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि विधायक दल को राज्यपाल के सामने रेवेन्यू डेफिसिट ग्रांट (आरडीजी) के नुकसान पर चर्चा करनी चाहिए।

सुक्खू ने यह भी कहा कि विधायक क्षेत्र विकास निधि तब ही जारी की जाएगी जब राज्य की आर्थिक स्थिति बेहतर होगी। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेता दिल्ली जाकर हिमाचल सरकार की मदद रोकने की कोशिश कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि आरडीजी बंद होने के कारण हिमाचल प्रदेश की वित्तीय स्थिति गंभीर हो गई है। उन्होंने भाजपा नेताओं से आग्रह किया कि वे उनके साथ दिल्ली चलकर हिमाचल प्रदेश के हितों की पैरवी करें। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद पहली बार हिमाचल प्रदेश की आरडीजी बंद हुई है। विशेष सत्र में सरकार जनता को यह बताएगी कि पिछले दस वर्षों में केंद्र सरकार ने हिमाचल प्रदेश को क्या दिया है।

सुक्खू ने आरोप लगाया कि भाजपा विधायक तथ्यों पर बात न कर, दुष्प्रचार में जुटे हुए हैं। उन्होंने कहा कि विधायक क्षेत्र विकास निधि न केवल कांग्रेस बल्कि भाजपा विधायकों को भी नहीं दी जा रही है। मुख्यमंत्री ने पलटवार करते हुए कहा कि सरकार ने मजबूती से अपना पक्ष रखा है। उन्होंने कहा कि 1 फरवरी का दिन हिमाचल के लिए काला दिन था, और अब भाजपा नेताओं को साथ चलकर प्रधानमंत्री के सामने हिमाचल की समस्याओं का समाधान करना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि अब वित्त मंत्री से मुलाकात से काम नहीं बनेगा, बल्कि सीधे प्रधानमंत्री से बात करनी होगी।