कोरोना वायरस से संक्रमित हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की तबीयत में सुधार आ रहा है। यह जानकारी मंगलवार को रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता ने दी। मंत्रालय की ओर से जारी एक संक्षिप्त बयान में कहा गया कि दिल्ली कैंटोनमेंट स्थित आर्मी हॉस्पिटल (रिसर्च एवं रेफरल) के चिकित्सकों की एक टीम ने 11 जनवरी को नई दिल्ली में राजनाथ के आवास पर उनकी जांच की है।
बयान में कहा गया कि हल्के लक्षणों के साथ कोविड पॉजिटिव पाए जाने के बाद रक्षा मंत्री फिलहाल घर पर ही क्वारंटीन में हैं। उनकी जांच करने वाले चिकित्सकों के अनुसार उनका स्वास्थ्य सुधर रहा है। बता दें कि राजनाथ सिंह की सोमवार को कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। इसके अलावा केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट भी कोरोना वायरस से संक्रमित हो गए हैं।