तमिलनाडु: पुलिस ने शुक्रवार को भाजपा के राज्य अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन और पार्टी के वरिष्ठ नेता एच राजा सहित 113 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। ये सभी चार दिसंबर को तिरुपरनकुंद्र पहाड़ी की चोटी पर दीप प्रज्वलन कार्यक्रम में शामिल हुए थे। अधिकारियों ने बताया कि यह दीप स्तंभ पहाड़ी पर स्थित एक दरगाह के पास है।
अधिकारियों के अनुसार, आरोपियों पर सार्वजनिक शांति भंग करने और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि नागेंद्रन और राजा को गुरुवार रात कुछ घंटों के लिए हिरासत में लिया गया था और रात करीब 11.20 बजे रिहा किया गया।
मद्रास हाईकोर्ट की मदुरै पीठ ने चार दिसंबर को तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी पर कार्तिगई दीप प्रज्वलित करने की अनुमति दी थी और जिला प्रशासन द्वारा लगाए गए निषेधाज्ञा आदेश को रद्द कर दिया था। इसके बाद भाजपा के वरिष्ठ नेता, राज्य अध्यक्ष और हिंदू मुन्नानी के कार्यकर्ता गुरुवार को इस स्थान पर गए, लेकिन पुलिस ने उन्हें पहाड़ी पर जाने से रोक दिया।
सूत्रों ने बताया कि जब प्रदर्शनकारी पहाड़ी पर चढ़ने पर अड़े रहे, तो पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया और निजी हॉल में रखा। भाजपा कार्यकर्ताओं ने गिरफ्तारी के विरोध में सड़क जाम किया, जिसके बाद 300 से अधिक कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया। सभी को गुरुवार रात रिहा कर दिया गया।
शुक्रवार सुबह तिरुपरनकुंद्रम पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की सात विभिन्न धाराओं के तहत आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है, जिसमें सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुँचाने और शांति भंग करने के आरोप शामिल हैं।