जर्मनी के विदेश मंत्री जोहान डेविड वेडफुल मंगलवार सुबह भारत की दो दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर बंगलूरू पहुंचे। इस दौरान वे भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) का दौरा करेंगे और बाद में केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल तथा विदेश मंत्री एस. जयशंकर से मुलाकात करेंगे।

विदेश मंत्रालय के अनुसार वेडफुल दो और तीन सितंबर को भारत में रहेंगे। यात्रा के दौरान वे द्विपक्षीय और वैश्विक मुद्दों पर भारत के साथ सहयोग को मजबूत करने पर ध्यान देंगे।

https://twitter.com/ANI/status/1962658910864884034

भारत आने से पहले वेडफुल ने कहा कि जर्मनी और भारत के बीच राजनीतिक, आर्थिक और सांस्कृतिक क्षेत्र में घनिष्ठ संबंध हैं। उन्होंने सुरक्षा सहयोग, नवाचार, प्रौद्योगिकी और कुशल श्रमिकों की भर्ती जैसे क्षेत्रों को द्विपक्षीय संबंधों के महत्वपूर्ण स्तंभ बताया। वेडफुल ने यह भी कहा कि भारत हिंद-प्रशांत क्षेत्र में एक प्रमुख रणनीतिक साझेदार है और उसकी भूमिका अंतरराष्ट्रीय मंच पर महत्वपूर्ण है।

जर्मन विदेश मंत्री ने दोनों लोकतांत्रिक देशों के बीच स्वाभाविक गठबंधन पर जोर देते हुए कहा कि वैश्विक भू-राजनीतिक चुनौतियों को देखते हुए नियम-आधारित अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था बनाए रखना आवश्यक है।

इस यात्रा से पहले, पिछले महीने नई दिल्ली में विदेश मंत्री जयशंकर ने जर्मन सांसद जुर्गन हार्ड्ट से मुलाकात की थी। दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों और वैश्विक विकास पर चर्चा की थी। जर्मनी यूरोप में भारत का एक प्रमुख साझेदार है, और दोनों देशों के बीच मजबूत रणनीतिक साझेदारी वर्षों से लगातार बढ़ रही है। मार्च 2021 में दोनों देशों ने राजनयिक संबंधों की 70वीं वर्षगांठ भी मनाई थी।