तेल अवीव: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इजराइल दौरे के दौरान दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूती देने के लिए कई समझौता ज्ञापनों (MoUs) पर हस्ताक्षर किए गए। इस अवसर पर इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू भी उपस्थित रहे।
संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रधानमंत्री मोदी ने 'शालोम' कहकर अपनी बात शुरू की और कहा कि नेतन्याहू और उनके प्रतिनिधिमंडल ने उनका बहुत ही गर्मजोशी से स्वागत किया। मोदी ने बताया कि उन्हें नौ साल पहले भी इजराइल आने का अवसर मिला था और अब फिर से यहाँ आना उनके लिए गर्व का क्षण है।
केनेस्सेट मेडल: 140 करोड़ भारतीयों के नाम समर्पित
पीएम मोदी ने कहा कि उन्हें स्पीकर ऑफ द केनेस्सेट मेडल से सम्मानित किया गया। उन्होंने यह पुरस्कार 140 करोड़ भारतीयों और भारत-इजराइल की दोस्ती को समर्पित किया। मोदी ने इसे दोनों देशों के मजबूत रिश्तों और आपसी विश्वास का प्रतीक बताया।
इस मौके पर दोनों देशों ने कई महत्वपूर्ण समझौतों पर हस्ताक्षर किए, जिससे द्विपक्षीय सहयोग को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।
नेतन्याहू बोले– दौरा बेहद खास और सफल
इजराइल के प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने इस दौरे को 'अद्भुत' और 'भावुक' बताया। उन्होंने कहा कि केनेस्सेट में पीएम मोदी के संबोधन के दौरान शायद ही किसी की आंखें सूखी रही हों।
नेतन्याहू ने यह भी बताया कि इस दौरे के दौरान दोनों देशों को एक-दूसरे के दृष्टिकोण और सोच को और करीब से समझने का अवसर मिला, जिससे भविष्य में सहयोग और गहरा होने की संभावना है।