देश में बढ़ते कोरोना के मामलों के बीच कई राज्यों से वैक्सीन की कमी की खबरें सामने आ रही हैं, लेकिन सरकार की तरफ से वैक्सीन की कमी के दावों को खारिज किया जा रहा है। वहीं इस बीच वैक्सीन की कमी को लेकर विपक्ष ने सरकार पर हमला करना शुरू कर दिया है। शुक्रवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा कि देश में बढ़ते कोरोना संकट के बीच वैक्सीन की कमी एक अतिगंभीर समस्या है कोई 'उत्सव' नहीं।
राहुल गांधी ने वैक्सीन के निर्यात पर भी सवाल उठाए हैं, उन्होंने कहा है कि देश में एक तरफ वैक्सीन की कमी हो रही है तो वहीं दूसरी तरफ केंद्र सरकार देशवासियों की जान का खतरे में डालकर वैक्सीन का निर्यात कर रही है। राहुल गांधी ने केंद्र पर कांग्रेस शासित राज्यों के साथ भेदभाव करने का भी आरोप लगाया है। उन्होंने कहा है कि केंद्र सरकार सभी राज्यों को बिना पक्षपात के मदद करे, हम सब मिलकर ही इस महामारी को हरा सकते हैं।