कर्नाटक जीत के बाद बोले राहुल- पहली कैबिनेट में ही पूरे करेंगे पांच वादे

कर्नाटक में कांग्रेस ने बहुमत से जीत दर्ज कराने के नजदीक है। रुझानों में पार्टी को 130 तक सीटें मिलती दिखाई दे रही हैं। इस चुनाव में कांग्रेस ने अपना पूरा जोर लगा दिया था, जिसके नतीजे सामने हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, राहुल गांधी दिल्ली स्थित पार्टी दफ्तर पहुंचे। उन्होंने मीडिया के सामने आए 6 बार नमस्कार बोले। कहा- सबसे पहले मैं कर्नाटक की जनता को, कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को, सब नेताओं को और उनके काम को बधाई देता हूं।

कर्नाटक के चुनाव में कैपिटलिस्ट की ताकत थी, दूसरी तरफ गरीब जनता की शक्ति थी और शक्ति ने ताकत को हरा दिया। यही हर राज्य में होगा। कांग्रेस कर्नाटक में गरीबों के साथ खड़ी हुई। हम उनके मुद्दों पर लड़े। हमने नफरत और गलत शब्दों से ये लड़ाई नहीं लड़ी। हमने मोहब्बत से ये लड़ाई लड़ी। कर्नाटक ने दिखाया कि इस देश को मोहब्बत अच्छी लगती है।

कर्नाटक में नफरत का बाजार बंद हुआ है, मोहब्बत की दुकानें खुली हैं। ये सबकी जीत है। सबसे पहले यह कर्नाटक की जनता की जीत है। हमने चुनाव में कर्नाटक की जनता से 5 वादे किए थे। हम इन वादों को पहली कैबिनेट मीटिंग में पूरा करेंगे।

कर्नाटक में राहुल ने 18 रैलियां और दो रोड शो किए थे
इस जीत में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का रोल तो अहम है ही, लेकिन राहुल गांधी का भी बहुत बड़ा हाथ है। भारत जोड़ो यात्रा के दौरान वे सबसे ज्यादा 21 दिन कर्नाटक में रहे, लोगों से मिले, उनकी समस्याएं सुनीं और इस जीत की नींव रखी।

चुनाव के लिए भी राहुल ने 18 रैलियां और दो रोड शो किए थे। उनके अलावा मल्लिकार्जुन खड़गे ने 35 रैलियां और 1 रोड शो, प्रियंका गांधी ने 14 रैलियां और 11 रोड शो और सोनिया गांधी ने हुबली में 1 रैली की थी।

कर्नाटक में भाजपा ने हार मानी
कर्नाटक में भाजपा ने हार स्वीकार कर ली है। मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने कहा कि पूरे नतीजे आने के बाद हम समीक्षा करेंगे और लोकसभा चुनाव में दमदार वापसी करेंगे। अब तक सामने आए रुझानों में कांग्रेस 129, भाजपा 63, जेडीएस 22 और अन्य 4 सीटों पर आगे चल रही है। यानी कांग्रेस को बहुमत 113 के आंकड़े से 16 सीट ज्यादा मिलती दिख रही है। अब तक 4 सीटों के रिजल्ट आ चुके हैं। 4 पर कांग्रेस और 3 पर भाजपा को जीत मिली है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here