नई दिल्ली: बांग्लादेश ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपने अगले प्रधानमंत्री तारिक रहमान के शपथ ग्रहण समारोह में आमंत्रित किया है। समारोह 16 फरवरी को आयोजित होगा और इसमें क्षेत्रीय नेताओं के शामिल होने की भी संभावना है।
बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी के नेताओं के अनुसार, क्षेत्रीय नेताओं को आमंत्रित करने का निर्णय तारिक रहमान के शपथ ग्रहण को भव्य बनाने के मकसद से लिया गया है। भारतीय पक्ष को शनिवार देर रात यह निमंत्रण भेजा गया।
हालांकि, प्रधानमंत्री मोदी की ढाका यात्रा की संभावना कम है। 17 फरवरी को मुंबई में उनका फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ द्विपक्षीय बैठक तय है। मैक्रों भारत में अगले सप्ताह होने वाले एआई इम्पैक्ट समिट में हिस्सा लेने आ रहे हैं।
सूत्रों का कहना है कि शपथ ग्रहण समारोह में भारत की ओर से कोई वरिष्ठ नेता जैसे कि उपराष्ट्रपति या विदेश मंत्री प्रतिनिधित्व कर सकते हैं। भारत इस मौके पर जल्दबाज़ी में किसी समझौते का संकेत नहीं देना चाहता, लेकिन दोनों देशों के बीच रिश्तों को सुधारना प्राथमिकता है।
बांग्लादेश ने समारोह में सार्क देशों के नेताओं को आमंत्रित करने पर भी विचार किया है। यह परंपरा तारिक रहमान के पिता और पूर्व राष्ट्रपति जियाउर रहमान से शुरू हुई थी। इसके अलावा चीन, मलेशिया, सऊदी अरब और तुर्की जैसे मित्र देशों के राष्ट्राध्यक्ष या सरकार प्रमुखों को भी आमंत्रित करने की योजना है।