हरियाणा में 387 सफाई कर्मचारी काम पर लौटे, रिस्क अलाउंस के आदेश जारी

HIGHLIGHTS
- सरकार ने रिस्क अलाउंस को तत्काल प्रभाव से लागू किया है।
- पालिका रोल के कर्मचारियों के लिए 2000 रुपये मासिक राशि तय की गई है।
- ड्यूटी ज्वाइन करने के बाद हड़ताल पर रहे कर्मचारी भी लाभ ले सकेंगे।
चंडीगढ़। हरियाणा में लंबे समय से जारी सफाई कर्मचारियों के आंदोलन के बीच सरकार की अपील का असर नजर आया है। सोमवार को प्रदेशभर में 387 सफाई कर्मचारी वापस काम पर लौट आए।
कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने ड्यूटी पर लौटे कर्मचारियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि सरकार हर कदम पर सफाई कर्मचारियों के साथ खड़ी है। साथ ही उन्होंने बाकी कर्मचारियों से भी जल्द काम पर लौटने और प्रदेश की स्वच्छता व्यवस्था में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
इसी बीच सरकार ने सफाई कर्मचारियों को रिस्क अलाउंस देने के संबंध में औपचारिक आदेश जारी कर दिए हैं। इसके तहत पालिका रोल पर कार्यरत सफाई कर्मचारियों को हर महीने 2000 रुपये का रिस्क अलाउंस दिया जाएगा। सफाई कर्मचारियों के साथ हुई बैठक में कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी ने इस अलाउंस का लाभ देने का आश्वासन दिया था। अब इसे लागू करने के लिए औपचारिक आदेश जारी कर दिए गए हैं।
परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव की जगह लागू होगा रिस्क अलाउंस
सरकार के आदेश के मुताबिक, यह व्यवस्था परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव के स्थान पर तत्काल प्रभाव से लागू होगी। इसका लाभ उन्हीं सफाई कर्मचारियों को मिलेगा, जो ड्यूटी पर उपस्थित होंगे। इसका मतलब है कि हड़ताल कर रहे कर्मचारी भी काम शुरू करने के बाद रिस्क अलाउंस पाने के पात्र होंगे।
इस व्यवस्था से जुड़ा वित्तीय भार संबंधित नगरपालिकाएं अपने फंड से उठाएंगी। इसके लिए राज्य सरकार की ओर से नगरपालिकाओं को किसी तरह का अतिरिक्त अनुदान या ऋण नहीं दिया जाएगा।
कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि सफाई कर्मचारी प्रदेश की स्वच्छता व्यवस्था का अहम हिस्सा हैं और सरकार उनके हितों को लेकर गंभीर है।
उन्होंने कहा कि प्रदेशहित में काम पर लौटने वाले सभी कर्मचारियों का स्वागत है। साथ ही उन्होंने बाकी कर्मचारियों से जल्द से जल्द काम पर लौटने और प्रदेश को स्वच्छ रखने के अभियान में अपनी जिम्मेदारी निभाने की अपील की।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.