मुजफ्फरनगर: शक्तिवर्धक दवाओं के नाम पर ठगी करने वाले 2 गिरफ्तार

HIGHLIGHTS
- आरोपियों ने सोशल मीडिया और YouTube पर दवाओं के विज्ञापन चलाए।
- विज्ञापनों में कम कीमत और तुरंत फायदा होने का दावा किया जाता था।
- ग्राहकों से अलग-अलग बैंक खातों में एडवांस रकम जमा कराई जाती थी।
मुजफ्फरनगर में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर शक्तिवर्धक और आयुर्वेदिक दवाओं के विज्ञापन के जरिए लोगों से ठगी करने वाले साइबर फ्रॉड रैकेट का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने सोमवार शाम करीब छह बजे सावेज और इस्लाम को गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से सात मोबाइल फोन, थार रॉक्स गाड़ी, तीन एटीएम कार्ड और आयुर्वेदिक दवाइयां बरामद की गई हैं।
कम कीमत और गुप्त इलाज का देते थे झांसा
पुलिस के अनुसार, आरोपी सोशल मीडिया और YouTube पर अलग-अलग पेज तैयार कर शक्तिवर्धक, आयुर्वेदिक और देशी जड़ी-बूटी से बनी दवाओं के विज्ञापन चलाते थे। इन विज्ञापनों में कम कीमत पर दवा उपलब्ध कराने, गुप्त उपचार और तुरंत फायदा होने का दावा किया जाता था।
विज्ञापनों में अलग-अलग मोबाइल नंबर दिए जाते थे। ग्राहक जब इन नंबरों पर संपर्क करते थे तो आरोपी खुद को दवा विक्रेता या चिकित्सकीय प्रतिनिधि बताकर उनसे बातचीत करते थे।
एडवांस रकम लेने के बाद भेजते थे फर्जी दस्तावेज
पुलिस के मुताबिक, ग्राहक का विश्वास हासिल करने के बाद दवा भेजने के नाम पर एडवांस रकम अलग-अलग बैंक खातों में जमा कराई जाती थी। रकम मिलने के बाद ग्राहकों को WhatsApp समेत अन्य माध्यमों से फर्जी ऑर्डर कन्फर्मेशन, नकली बिल, ऑर्डर स्लिप और भुगतान से संबंधित स्क्रीनशॉट भेजे जाते थे।
आरोप है कि इसके बाद ग्राहकों को न तो दवा भेजी जाती थी और न ही उनकी रकम वापस की जाती थी। जब ग्राहक दोबारा संपर्क करते या शिकायत करते तो उनके मोबाइल नंबर बंद कर दिए जाते थे।
7 शिकायतों से जुड़े मोबाइल नंबर मिले
पुलिस के अनुसार, गृह मंत्रालय के ऑनलाइन पोर्टल ‘प्रतिबिम्ब’ पर सामने आए कुछ मोबाइल नंबरों की जांच के दौरान आरोपियों तक पहुंच बनाई गई। इन मोबाइल नंबरों से जुड़े मामलों में देश के अलग-अलग राज्यों से साइबर क्राइम पोर्टल पर कुल सात शिकायतें दर्ज मिली हैं।
पुलिस अब आरोपियों से जुड़े अन्य मोबाइल नंबरों, बैंक खातों और दूसरी शिकायतों की जांच कर रही है। जांच आगे बढ़ने पर रैकेट से जुड़े अन्य लोगों और खातों की जानकारी सामने आने की संभावना है।
दोनों आरोपी बागपत के रहने वाले
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सावेज पुत्र इस्लाम और इस्लाम पुत्र अब्दुल रशीद के रूप में की है। दोनों मूल रूप से बागपत जिले के दाहा क्षेत्र के रहने वाले बताए गए हैं और वर्तमान में बुढ़ाना क्षेत्र में रह रहे थे।
पुलिस के मुताबिक, इस्लाम के खिलाफ बागपत में भी दवा और कथित भ्रामक उपचार से जुड़े मामले में मुकदमा दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस बरामद मोबाइल फोन और अन्य सामान की जांच कर रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.