8 हजार का कर्ज बना 111 करोड़, अमेठी में हैरान करने वाला मामला

अमेठी के शिवरतनगंज थाना क्षेत्र के सेमरौता गांव में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक दलित विधवा महिला को 15 साल पुराने मामूली कर्ज के बदले करोड़ों रुपये की मांग और जमीन कब्जे की धमकी दिए जाने का आरोप लगाया गया है। पीड़िता ने इस मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक से की है, जिसके बाद जांच शुरू कर दी गई है।
8134 रुपये के कर्ज पर 111 करोड़ की मांग का आरोप
पीड़िता लीलावती का कहना है कि उनके पति शिवशरण उर्फ पट्टे ने करीब 15 साल पहले घर बनवाते समय 8,134 रुपये उधार लिए थे। अब आरोप है कि पड़ोसी राम अभिलाष उसी पुराने कर्ज को आधार बनाकर मूलधन और ब्याज मिलाकर 111 करोड़ रुपये से अधिक की मांग कर रहा है।
पीड़िता के अनुसार, आरोपी ने न केवल भारी रकम की मांग की है, बल्कि भुगतान न करने पर घर और जमीन पर कब्जा करने की धमकी भी दी है।
जमीन पर कब्जे का भी आरोप
लीलावती ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी ने उनकी कुछ जमीन पर ईंट लगाकर अवैध कब्जा करना शुरू कर दिया है। उनका कहना है कि इस संबंध में पहले स्थानीय थाने में शिकायत दी गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
इसके बाद उन्होंने पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई।
पुलिस ने शुरू की जांच
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक ने क्षेत्राधिकारी तिलोई को जांच सौंपी है। शुक्रवार को पीड़िता को बयान दर्ज कराने के लिए सीओ कार्यालय भी बुलाया गया, जहां उन्होंने अपनी पूरी आपबीती बताई और अपनी जमीन व मकान की सुरक्षा की मांग की।
आरोपी का बयान
वहीं, आरोपित राम अभिलाष से संपर्क करने की कोशिश की गई तो उन्होंने टिप्पणी करते हुए कहा कि जिसने शिकायत की है, उसी से बात की जाए।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले की जांच सीओ तिलोई को दी गई है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.