'मेरी बेटी को गोद ले लें, बच्चों के लिए Insta बैन करें'; PM को अपशब्द कहने वाली लड़की की मां की अपील

HIGHLIGHTS
- मां बोलीं- प्रधानमंत्री की माफी से बेटी को खुद को सुधारने का मौका मिला।
- एफआईआर में बेटी की उम्र और नाम गलत दर्ज होने का किया दावा।
- नाबालिगों की सुरक्षा के लिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पाबंदी लगाने की मांग।
नोएडा: दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में नया घटनाक्रम सामने आया है। इस मामले में नामजद नोएडा की नाबालिग लड़की रुचिका सिंह की मां ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए भावुक अपील की है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने उनकी बेटी को माफ कर उसे नया जीवन दिया है और अब उसके भविष्य को संवारने में भी मदद करें।
'मेरी बेटी को भी गोद ले लें'
एक समाचार एजेंसी से बातचीत में लड़की की मां ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जिस उदारता का परिचय दिया है, उसके लिए उनका पूरा परिवार उनका आभारी है।
उन्होंने कहा, "जैसे आप गांव-गांव को गोद लेकर देश को संवार रहे हैं, वैसे ही मेरी बेटी को भी गोद ले लें और उसका जीवन संवार दें। उसे भी परिवार का प्यार मिले। गलती हुई है, हम माफी मांग रहे हैं और सच में शर्मिंदा हैं।"
'प्रधानमंत्री ने मेरी बेटी को जीवनदान दिया'
रुचिका सिंह की मां ने कहा कि प्रधानमंत्री के खिलाफ अपशब्द कहने के बावजूद उनकी बेटी को माफ कर पीएम मोदी ने अपनी महानता दिखाई है।
उन्होंने कहा, "आज मेरी बेटी का जन्मदिन है और प्रधानमंत्री मोदी ने उसे सबसे बड़ा उपहार दिया है, वह है जीवनदान। आज मेरी बेटी का नया जन्म हुआ है। इसके लिए मैं हाथ जोड़कर उनका धन्यवाद करती हूं।"
सोशल मीडिया को लेकर भी जताई चिंता
लड़की की मां ने सोशल मीडिया के प्रभाव पर भी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि कम उम्र के बच्चे सोशल मीडिया के माध्यम से आसानी से गुमराह हो जाते हैं। उन्होंने मांग की कि 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों के लिए इंस्टाग्राम और फेसबुक जैसे प्लेटफॉर्म पर कड़ी निगरानी या प्रतिबंध लगाया जाना चाहिए।
उनका कहना था कि कम उम्र के बच्चों में समाज और बड़ों के सम्मान को लेकर पूरी समझ नहीं होती और उनका गलत इस्तेमाल किया जा सकता है।
एफआईआर वापस लेने की मांग
मां ने अपनी बेटी के खिलाफ दर्ज एफआईआर वापस लेने की अपील भी की। उनका दावा है कि एफआईआर में उनकी बेटी की उम्र गलत दर्ज की गई है। उन्होंने कहा कि उनकी बेटी 15 वर्ष की नाबालिग है और उसके खिलाफ दर्ज मामले पर दोबारा विचार किया जाना चाहिए।
पीएम मोदी ने कार्रवाई न करने की थी अपील
इस घटनाक्रम से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो संदेश जारी किया था। उन्होंने कहा था कि पिछले कुछ दिनों में जिन बच्चों ने उनके और उनकी मां के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया, उनके खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई करने के बजाय उन्हें समझाने और सही रास्ता दिखाने की जरूरत है।
प्रधानमंत्री ने उन्हें 'गुमराह बच्चे' बताते हुए समाज से उन्हें अपनाने और सही दिशा देने की अपील की थी।
माफी का वीडियो भी आया सामने
प्रधानमंत्री के संदेश के कुछ घंटे बाद प्रदर्शन में शामिल रुचिका सिंह का एक वीडियो सामने आया, जिसमें उसने सार्वजनिक रूप से अपने व्यवहार पर माफी मांगते हुए खेद व्यक्त किया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.