अखिलेश यादव का भाजपा पर हमला, बोले- 2027 का चुनाव लोकतंत्र बचाने की लड़ाई; एक भी वोट नहीं कटना चाहिए

HIGHLIGHTS
- सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बुधवार को प्रदेश सपा मुख्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।
- अखिलेश ने दावा किया कि विधान परिषद चुनाव की 11 सीटों पर सपा को भाजपा से ज्यादा वोट मिले।
- उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की पहचान झूठ, लूट और बेईमानी बन चुकी है।
समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि लोकसभा चुनाव के बाद अब विधान परिषद चुनाव में मिली हार से भाजपा का जनाधार कमजोर हुआ है। उन्होंने दावा किया कि विधान परिषद की 11 सीटों पर हुए चुनाव में सपा को भाजपा के मुकाबले अधिक वोट मिले हैं। अखिलेश ने आरोप लगाया कि झूठ, लूट और बेईमानी भाजपा की पहचान बन गई है। भाजपा के नेता सपा नेतृत्व और पीडीए को लेकर झूठे आरोप लगाकर उनकी छवि खराब करने की कोशिश कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 में होने वाला विधानसभा चुनाव लोकतंत्र की रक्षा की लड़ाई है। मतदाता सूची में लोगों का नाम सुरक्षित रहना जरूरी है, क्योंकि वोटर लिस्ट में नाम होगा, तभी लोकतंत्र भी सुरक्षित रहेगा।
अखिलेश यादव बुधवार को प्रदेश स्थित सपा मुख्यालय में विभिन्न जिलों से पहुंचे पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि सपा और पीडीए के कार्यकर्ताओं को पूरी मेहनत और मजबूती के साथ चुनाव की तैयारियों में जुटना होगा। दिन-रात मेहनत करके विधानसभा चुनाव जीतना और भाजपा को हमेशा के लिए सत्ता से बाहर करना उनका लक्ष्य होना चाहिए।
भाजपा का राजनीतिक ग्राफ लगातार गिर रहा है: अखिलेश
सपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा का राजनीतिक ग्राफ लगातार नीचे जा रहा है। पहले पार्टी का जनाधार कमजोर हुआ और अब उसके सामने आगे बढ़ने की चुनौती है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा अब अपना अंगद का पैर कहां रखेगी। उनके मुताबिक, भाजपा के नेता जनता को भ्रमित करने की कोशिश में लगे हुए हैं।
अखिलेश ने पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं से संयम बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि भाजपा के किसी भी उकसावे में आने के बजाय धैर्य के साथ अपने काम में जुटे रहें।
उन्होंने मतदाता सूची को लेकर विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश भी दिया। अखिलेश ने कहा कि सभी नेता और कार्यकर्ता अपने नाम के साथ-साथ अपने आसपास रहने वाले लोगों के नाम भी मतदाता सूची में जांचें। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि एक भी वोट कटना नहीं चाहिए।
सपा सरकार बनने पर गरीबों का सरकारी अस्पतालों में मुफ्त इलाज: अखिलेश
अखिलेश यादव ने स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर सरकारी अस्पतालों में गरीबों को पूरी तरह मुफ्त इलाज की सुविधा दी जाएगी।
उन्होंने अस्पतालों और मेडिकल कॉलेजों की व्यवस्था को बेहतर बनाने का भी भरोसा दिया। अखिलेश के मुताबिक, गरीबों को इलाज कराने के लिए किसी तरह के कार्ड की जरूरत नहीं होगी।
इस दौरान उन्होंने भाजपा सरकार पर आरोप लगाया कि उसके कार्यकाल में सरकारी अस्पतालों और मेडिकल कॉलेजों की स्थिति खराब हुई है और स्वास्थ्य व्यवस्था को नुकसान पहुंचा है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.