दिवाली की खरीदारी से दिल्ली के बाजारों में बढ़ी भीड़, कई इलाकों में लगा लंबा जाम

HIGHLIGHTS
- साउथ एक्सटेंशन, राजौरी गार्डन और कमला नगर में भी जाम की स्थिति रही।
- कश्मीरी गेट, हौज खास और डिफेंस कॉलोनी के आसपास गाड़ियों की रफ्तार धीमी रही।
- कमला नगर से दिल्ली विश्वविद्यालय की लालबत्ती तक वाहनों की लंबी कतारें लगीं।
दिवाली और धनतेरस को लेकर दिल्ली के बाजारों में बढ़ रही खरीदारों की भीड़ का असर अब यातायात पर भी नजर आने लगा है। बुधवार को राजधानी के कई हिस्सों में जाम की स्थिति बनी रही। बाजारों के आसपास वाहनों की लंबी कतारें दिखाई दीं, जबकि प्रमुख मार्गों पर भी गाड़ियां धीमी रफ्तार से चलती रहीं। इस दौरान दफ्तरों से घर लौट रहे लोगों के साथ त्योहार की खरीदारी के लिए निकले लोगों को भी काफी परेशानी हुई। कई इलाकों में कम दूरी का सफर पूरा करने में भी लोगों को काफी वक्त लगा।
इन बाजारों के आसपास वाहनों की बढ़ी भीड़
दिवाली की खरीदारी के लिए बड़ी संख्या में लोग चांदनी चौक, करोल बाग, सरोजिनी नगर, लाजपत नगर, साउथ एक्सटेंशन, राजौरी गार्डन और कमला नगर जैसे प्रमुख बाजारों में पहुंच रहे हैं। बुधवार को इन बाजारों में खरीदारों की आवाजाही बढ़ने के साथ आसपास की सड़कों पर भी ट्रैफिक का दबाव बढ़ गया।
कश्मीरी गेट, हौज खास और डिफेंस कॉलोनी के आसपास भी वाहनों की रफ्तार प्रभावित रही। उत्तरी दिल्ली में कमला नगर से दिल्ली विश्वविद्यालय की लालबत्ती तक गाड़ियों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। वहीं, पीतमपुरा के कोहाट एन्क्लेव में भी यातायात प्रभावित रहा।
आईटीओ से धौला कुआं तक कई प्रमुख मार्गों पर धीमी रही रफ्तार
बाजारों के आसपास ही नहीं, बल्कि दिल्ली की कई प्रमुख सड़कों पर भी बुधवार को जाम का असर दिखाई दिया। आईटीओ, साउथ एक्सटेंशन और धौला कुआं के आसपास वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। लोधी रोड पर फ्लाईओवर के नजदीक भी गाड़ियों का दबाव बना रहा।
इसके अलावा एम्स से सराय काले खां के बीच बारापुला कॉरिडोर पर भी वाहन धीरे-धीरे आगे बढ़ते नजर आए। दिल्ली और गुरुग्राम के बीच रोजाना सफर करने वाले लोगों को भी यातायात संबंधी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
ट्रैफिक पुलिस ने मेट्रो और बसों से सफर करने की दी सलाह
त्योहारी सीजन में बाजारों के आसपास पार्किंग की जगह तलाशना भी वाहन चालकों के लिए चुनौती बन रहा है। इसे देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से निजी वाहनों की जगह सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करने की अपील की है।
पुलिस ने बाजारों में जाने वाले लोगों को मेट्रो और बसों से यात्रा करने की सलाह दी है। साथ ही, घर से निकलने से पहले संबंधित रास्तों पर ट्रैफिक की स्थिति की जानकारी लेने और अपने वाहनों को केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा करने को कहा गया है। इससे बाजारों के आसपास सड़कों पर वाहनों की भीड़ कम करने में मदद मिल सकती है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.