अमित शाह ने डीएमके को घेरा, कहा- तमिलनाडु की सरकार सबसे भ्रष्ट

पुडुकोट्टई (तमिलनाडु)। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को तमिलनाडु की डीएमके सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए उसे देश की सबसे भ्रष्ट सरकार करार दिया। उन्होंने दावा किया कि आने वाले विधानसभा चुनावों में तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) सत्ता में आएगा।
पुडुकोट्टई में आयोजित भाजपा की एक बड़ी जनसभा को संबोधित करते हुए अमित शाह ने वर्ष 2024 के बाद विभिन्न राज्यों में भाजपा और एनडीए की चुनावी सफलताओं का जिक्र किया। उन्होंने हरियाणा में लगातार तीसरी बार बनी भाजपा सरकार का उदाहरण देते हुए कहा कि अब तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में बदलाव तय है। शाह ने डीएमके सरकार पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाते हुए सवाल किया कि क्या भ्रष्टाचार से घिरे मंत्रियों के सहारे कोई राज्य आगे बढ़ सकता है।
परिवारवाद पर सीधा हमला
अमित शाह ने तमिलनाडु की राजनीति में परिवारवाद का मुद्दा उठाते हुए मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन और डीएमके नेतृत्व को घेरा। उन्होंने कहा कि राज्य की सत्ता को एक परिवार तक सीमित रखने की कोशिश की जा रही है। शाह ने टिप्पणी की कि पहले करुणानिधि, फिर स्टालिन और अब उदयनिधि स्टालिन को मुख्यमंत्री बनाने की योजना जनता कभी स्वीकार नहीं करेगी। उनके मुताबिक, मौजूदा सरकार का ध्यान जनता की समस्याओं के समाधान के बजाय राजनीतिक उत्तराधिकार पर केंद्रित है।
महिलाओं की सुरक्षा पर सवाल
गृह मंत्री ने कानून-व्यवस्था, खासकर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर भी राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि तमिलनाडु में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर हालात चिंताजनक हैं और सरकार इस दिशा में गंभीर प्रयास करती नजर नहीं आती। शाह ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार आम लोगों की जरूरतों की अनदेखी कर रही है।
दो दिवसीय दौरे पर तमिलनाडु पहुंचे शाह
अमित शाह रविवार को अपने दो दिवसीय तमिलनाडु दौरे पर तिरुचिरापल्ली हवाई अड्डे पहुंचे, जहां भाजपा नेताओं और केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण राज्य मंत्री एल. मुरुगन ने उनका स्वागत किया। बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता भी हवाई अड्डे पर मौजूद रहे। इसके बाद शाह ने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ बंद कमरे में बैठक कर संगठनात्मक स्थिति और आगामी चुनावी रणनीति पर चर्चा की।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.