Apple Event 2026: आईफोन 18 प्रो और फोल्डेबल आईफोन पर रहेगा फोकस, बेस मॉडल नहीं होगा लॉन्च

HIGHLIGHTS
- इवेंट में कंपनी के पहले फोल्डेबल आईफोन के आने की उम्मीद है।
- नए 2-नैनोमीटर प्रोसेसर और DRAM की लागत भी रणनीति का एक कारण है।
- एपल लॉन्च को दो चरणों में बांटने की तैयारी कर रही है।
एपल आज 9 सितंबर को होने वाले अपने एनुअल इवेंट में स्टैंडर्ड आईफोन 18 लॉन्च नहीं करेगी। इस इवेंट में केवल तीन प्रीमियम डिवाइस आईफोन 18 प्रो, आईफोन 18 प्रो मैक्स और कंपनी का पहला फोल्डेबल आईफोन पेश किए जाने की उम्मीद है।
1 सितंबर को टिम कुक के पद छोड़ने के बाद नए सीईओ बने जॉन टर्नस का यह पहला प्रजेंटेशन होगा। इवेंट भारतीय समयानुसार आज रात 10:30 बजे शुरू होगा, जिसे एपल की वेबसाइट पर लाइव देखा जा सकता है।
एपल ने बदली रणनीति
एपल का यह रणनीतिक कदम संकेत देता है कि कंपनी अब प्रीमियम स्मार्टफोन सेगमेंट से होने वाले मुनाफे को अधिकतम स्तर तक ले जाना चाहती है। टेक इंडस्ट्री में यह बात किसी से छिपी नहीं है कि एपल की सबसे ज्यादा कमाई और लाभ मार्जिन उसके प्रो और प्रो मैक्स मॉडल से ही आता है। जब भी नया आईफोन लाइनअप बाजार में आता है, तो शुरुआती महीनों में सबसे ज्यादा मांग इन्हीं प्रीमियम प्रो मॉडल्स की होती है।
इन वजहों से टल सकता है बेस मॉडल का लॉन्च
प्रीमियम मॉडल पर ध्यान:
एपल अपने लॉन्च को दो चरणों में बांट रहा है। पहले केवल प्रो और फोल्डेबल मॉडल आने से प्रीमियम फोन की बिक्री और औसत कीमत बढ़ेगी।
बढ़ती लागत:
नए 2-नैनोमीटर प्रोसेसर और मेमोरी चिप (DRAM) की ऊंची लागत के शुरुआती असर से कंपनी मुनाफा सुरक्षित रखना चाहती है।
लॉन्च का भार कम करना:
एक साथ बहुत सारे फोन बाजार में उतारने से बचने के लिए लॉन्च कैलेंडर को फैलाया जा रहा है।
नए CEO के लिए भी बड़ा टेस्ट
आज का इवेंट सिर्फ नए आईफोन की वजह से महत्वपूर्ण नहीं है। यह जॉन टर्नस के लिए पहला बड़ा Apple लॉन्च भी है। टिम कुक अब बोर्ड के कार्यकारी चेयरमैन की भूमिका में हैं, जबकि टर्नस ने 1 सितंबर से सीईओ की जिम्मेदारी संभाली है।
ऐसे में फोल्डेबल आईफोन और नई प्रो सीरीज की प्रस्तुति के साथ यह इवेंट Apple के नए नेतृत्व की दिशा का पहला बड़ा संकेत भी देगा। कंपनी सीरी AI बीटा को आम यूजर्स के लिए रोलआउट करने की तारीख घोषित कर सकती है।
आईफोन 18 प्रो और मैक्स लॉन्च के बाद बंद होंगे ये मॉडल्स
एपल हर साल नए आईफोन लॉन्च करने के बाद कुछ पुराने मॉडल्स को बंद कर देती है। ऐसा इसलिए किया जाता है ताकि लोग नए मॉडल्स खरीदें। नए आईफोन के आने के बाद कंपनी 5 से 7 साल पुराने मॉडल्स को बंद कर सकती है। हालांकि, फ्लिपकार्ट और अमेजन पर ये मॉडल्स स्टॉक उपलब्ध रहने तक मिल सकते हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.