जयपुर में मर्सिडीज से युवक के अपहरण की कोशिश, हादसे के बाद आरोपी फरार

HIGHLIGHTS
- दुर्घटना के बाद दोनों आरोपी कार छोड़कर भाग निकले
- आमेर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार की तलाशी ली
- वाहन के अंदर से नकली पिस्टल और चाकू मिला
जयपुर। राजधानी जयपुर में लग्जरी मर्सिडीज कार से एक युवक के अपहरण की कोशिश का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना सुबह अशोक नगर थाना क्षेत्र के सेंट्रल पार्क इलाके की बताई जा रही है। पीड़ित के अनुसार, दो युवकों ने उसे जबरन कार में बैठाने का प्रयास किया। इसके बाद दोनों आरोपी तेज रफ्तार मर्सिडीज से मौके से फरार हो गए।
दिल्ली रोड पर बाइक को मारी टक्कर
बताया जा रहा है कि कुछ देर बाद मर्सिडीज आमेर इलाके में दिल्ली रोड पर पहुंची। यहां तेज रफ्तार कार ने एक बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद भी कार नहीं रुकी और लगातार आगे बढ़ती रही। करीब सुबह 8 बजे दिल्ली रोड पर पीली की तलाई कट के पास कार अनियंत्रित होकर कच्चे नाले में जा गिरी।
कार के नाले में गिरने के बाद उसमें सवार दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
कार से नकली पिस्टल और चाकू बरामद
हादसे की जानकारी मिलने के बाद आमेर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी राजेंद्र गोदारा पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और दुर्घटनाग्रस्त मर्सिडीज की तलाशी ली। इस दौरान कार के अंदर से नकली पिस्टल और चाकू बरामद किया गया।
पुलिस ने मर्सिडीज को अपने कब्जे में ले लिया है और फरार दोनों आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस घटनास्थल के साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी देख रही है। इसके जरिए यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि मर्सिडीज किस दिशा से आई थी और उसमें सवार दोनों आरोपी कौन थे। पीड़ित ने बताया है कि कार में दो आरोपी मौजूद थे।
पीड़ित ने थाने पहुंचकर दी शिकायत
कथित अपहरण के प्रयास के मामले में पीड़ित अशोक नगर थाने पहुंचा और शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू की। पुलिस उसके बयान के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
प्रारंभिक जांच में पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी युवक को कथित तौर पर क्यों और कहां ले जाना चाहते थे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.