बरेली में रिकॉर्डतोड़ बारिश, आठवीं तक के सभी स्कूल दो दिन रहेंगे बंद

HIGHLIGHTS
- जिले में 24 घंटे के भीतर 381.2 मिमी बारिश दर्ज की गई।
- वर्ष 1981 से उपलब्ध रिकॉर्ड में यह सबसे अधिक 24 घंटे की बारिश रही।
- इससे पहले 2005 में 267.2 मिमी बारिश का रिकॉर्ड था।
बरेली में लगातार हो रही भारी बारिश को देखते हुए आठवीं कक्षा तक के सभी विद्यालयों में दो दिन का अवकाश घोषित किया गया है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. विनीता की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, जिले के प्राथमिक, उच्च प्राथमिक, यूपी बोर्ड, सीबीएसई, आईसीएसई, सहायता प्राप्त और मान्यता प्राप्त स्कूलों में आठ और नौ सितंबर को छुट्टी रहेगी। प्रशासन ने सभी संबंधित विद्यालयों को आदेश का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए हैं।
46 साल में पहली बार इतनी बारिश
जिले में रविवार दोपहर से शुरू हुई बारिश सोमवार को भी लगातार होती रही। 24 घंटे के दौरान 381.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। मौसम विशेषज्ञ अतुल कुमार सिंह के अनुसार, विभाग के पास वर्ष 1981 से अब तक का रिकॉर्ड उपलब्ध है, लेकिन इससे पहले 24 घंटे में इतनी बारिश कभी दर्ज नहीं हुई। इससे पहले वर्ष 2005 में 267.2 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई थी।
तेज बारिश की संभावना बनी हुई
मौसम विशेषज्ञ अतुल कुमार सिंह ने बताया कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कम दबाव का क्षेत्र सक्रिय हुआ है। इसी के प्रभाव से मौसम में बदलाव आया है। मौसम विज्ञान विभाग के ताजा अपडेट के अनुसार, जिले के अलग-अलग हिस्सों में अभी भी तेज बारिश की संभावना बनी हुई है। हालांकि, अगले कुछ दिनों में आंशिक रूप से बादल छाए रहने और गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी होने के आसार हैं।
तापमान में भी गिरावट
लगातार दो दिनों की मूसलाधार बारिश के बाद तापमान में भी कमी दर्ज की गई है। रविवार की तुलना में सोमवार को अधिकतम तापमान 4.2 डिग्री सेल्सियस गिरकर 26.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। न्यूनतम तापमान 22.9 डिग्री सेल्सियस रहा। इस दौरान नमी सौ फीसदी और हवा की गति 15 से 20 किलोमीटर प्रतिघंटे रही।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.


























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.