बिहार MLC चुनाव के बीच मोकामा में बवाल, अनंत सिंह और नीरज कुमार के समर्थक भिड़े

HIGHLIGHTS
- विवाद के दौरान दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मतदान में गड़बड़ी करने के आरोप लगाए।
- बाढ़ के एसडीपीओ रामकृष्ण ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया।
- हिरासत में लिए गए पांच लोगों से पुलिस पूछताछ कर रही है।
बिहार में विधान परिषद चुनाव के दौरान शुक्रवार को मोकामा में दो गुटों के बीच विवाद हो गया। मोकामा प्रखंड कार्यालय के पास अनंत सिंह और नीरज कुमार के समर्थक आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते मामला बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच झड़प शुरू हो गई।
अनंत सिंह के समर्थकों ने आरोप लगाया कि नीरज कुमार के लोग मतदान को प्रभावित करने की कोशिश कर रहे थे। उनका दावा था कि मतदाताओं को जनसुराज के प्रत्याशी डॉ. अनुज कुमार के पक्ष में वोट डालने से रोकने का प्रयास किया जा रहा था।
वहीं, नीरज कुमार के समर्थकों ने भी अनंत सिंह के समर्थकों पर गड़बड़ी करने का आरोप लगाया। उनका कहना था कि जब उन्होंने इसे रोकने की कोशिश की, तो उनके साथ दबंगई की गई।
पुलिस ने संभाला मोर्चा, पांच लोग हिरासत में
दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। बाढ़ के एसडीपीओ रामकृष्ण ने हस्तक्षेप करते हुए दोनों पक्षों को नियंत्रित किया। पुलिस ने इस मामले में पांच लोगों को हिरासत में लिया है।
एसडीपीओ के मुताबिक, मतदान केंद्र के बाहर दो गुटों के बीच विवाद हुआ था। मामले में पांच लोगों से पूछताछ की जा रही है। उन्होंने बताया कि फिलहाल स्थिति सामान्य है और मतदान शांतिपूर्ण तरीके से जारी है।
अनंत सिंह बोले- नीतीश जी हमारे गुरु हैं
इस बीच, जदयू विधायक अनंत सिंह का बयान भी सामने आया। उन्होंने कहा कि जनता मालिक है और वह जानती है कि कौन काम करेगा। उन्होंने दावा किया कि जनसुराज के प्रत्याशी डॉ. अनुज कुमार चुनाव जीत रहे हैं।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नीरज कुमार के घर जाने को लेकर पूछे गए सवाल पर अनंत सिंह ने कहा, “नीतीश जी हमर गुरु जी हैं। सब जहां ले जाता है, जाते हैं।”
चुनाव में रसगुल्ला बांटने के सवाल पर उन्होंने कहा, “ई रसगुल्ला वाला इलेक्शन नहीं है। तीन जिला में रसगुल्ला जाने में गाड़ी का किराया लग जाएगा।”
अनंत सिंह ने मतदाताओं से जनसुराज के प्रत्याशी डॉ. अनुज कुमार सिंह के पक्ष में मतदान करने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि उन्हें अच्छे से वोट देना चाहिए।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.