राहुल गांधी पर BJP का हमला, सुधांशु त्रिवेदी बोले- कांग्रेस अपने सबसे निचले स्तर पर पहुंची

HIGHLIGHTS
- भाजपा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में राहुल गांधी के राजनीतिक सफर और कांग्रेस के प्रदर्शन पर सवाल उठाए।
- सुधांशु त्रिवेदी ने 2014 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की सीटें 50 से कम रहने का जिक्र किया।
- भाजपा ने कांग्रेस में आंतरिक चुनाव और वंशवादी राजनीति को लेकर राहुल गांधी पर आरोप लगाए।
भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर निशाना साधा। भाजपा सांसद और पार्टी प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस लोकसभा में अपने सबसे निचले स्तर पर पहुंच गई। उन्होंने कहा कि 2014 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की सीटों की संख्या 50 से भी कम रह गई थी।
भाजपा ने राहुल गांधी पर मतिभ्रम का शिकार होने का आरोप लगाते हुए तंज कसा कि कांग्रेस उनकी बातों को सच मानकर उसी के आधार पर आगे बढ़ रही है और अपनी बर्बादी की ओर बढ़ रही है।
'राहुल गांधी के सारे राजनीतिक प्रयोग विफल रहे'
भाजपा ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने कई राजनीतिक प्रयोग किए, लेकिन सभी नाकाम रहे। पार्टी ने राहुल गांधी की शिक्षा, नौकरी और कारोबारी अनुभवों का जिक्र करते हुए कहा, 'दिल्ली के सेंट स्टीफन कॉलेज में उनका (राहुल गांधी) दाखिला निशानेबाजी में एक नेशनल लेवल के खिलाड़ी के रूप में हुआ था। उसके बाद निशाना ऐसा चूकता है कि सारे निशाने चूकते ही चले जा रहे हैं। देश ने किसी निशानेबाजी में उनका कोई नामो-निशान देखा ही नहीं होगा। उन्होंने 1996-99 के बीच में मॉनिटर नाम की एक ब्रिटिश कंपनी में नौकरी की, वो बंद हो गई। उसके बाद उन्होंने बैकॉप्स नाम की एक ब्रिटिश कंपनी में साझेदारी ली। 2003 से लेकर 2009 तक उसमें डायरेक्टर रहें, वो भी बंद हो गई। उसके बाद उन्हें 2014 में पार्टी ने अपना अघोषित नेता बनाया और कांग्रेस पार्टी अपने सबसे निम्न संख्या पर लोकसभा में पहुंची।'
भाजपा ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने कांग्रेस में आंतरिक चुनाव कराने की बात कही थी, लेकिन इस दिशा में कुछ नहीं हुआ। पार्टी ने यह भी कहा कि राहुल गांधी वंशवादी राजनीति के खिलाफ बोलते हैं, जबकि गांधी परिवार के ही तीन सदस्य सांसद हैं।
सुधांशु त्रिवेदी ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि दुनिया के कई हिस्सों में उपद्रव के दौरान अराजकता फैलाने वाले लोग ही ऐसा करते हैं, लेकिन भारत में नेता प्रतिपक्ष ही अराजकता कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी कभी आकाशवाणी केंद्र में धरने पर बैठ जाते हैं, तो कभी सुप्रीम कोर्ट तक मार्च निकालते हैं। भाजपा सांसद ने कहा कि राहुल गांधी नेता प्रतिपक्ष के पद की गरिमा को नुकसान पहुंचा रहे हैं।
'मदहोशी को सच मानकर कांग्रेस ने अपने होश खो दिए हैं'
भाजपा सांसद ने राहुल गांधी के बयानों पर सवाल उठाते हुए कहा, 'राहुल गांधी कहते हैं कि 200 अधिकारी उनके संपर्क में हैं। मुख्य चुनाव आयुक्त उन्हें मैसेज करते हैं, फिर कहते हैं कि संघ में महिलाएं नहीं है और ये भी कहते हैं कि संघ की महिलाएं ही उन्हें बता रही हैं। अक्सर विशेष प्रकार के पदार्थों के सेवन से व्यक्ति को ऐसा मतिभ्रम होता है। हैरानी की बात ये है कि कांग्रेस पार्टी इस मतिभ्रम को सच मानकर आचरण करने लगी है। यानी उस मदहोशी को सच मानकर कांग्रेस ने अपने होश खो दिए हैं और एक मदहोश के पीछे अपनी तबाही का पैगाम लेकर आगे बढ़ते जा रहे हैं।'
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.