नाजिया इलाही को व्हाट्सएप पर मिले धमकी भरे वीडियो और वॉयस नोट, परिवार की सुरक्षा बढ़ाने की मांग

HIGHLIGHTS
- नाजिया इलाही के अनुसार, उन्हें व्हाट्सएप पर धमकी भरे वॉयस नोट और वीडियो भेजे गए हैं।
- शिकायत में बेटे की हत्या करने और नाजिया को निशाना बनाने की धमकी मिलने का भी आरोप है।
- नाजिया का दावा है कि धमकी देने वालों के पास उनके घर के पते और वाहन की जानकारी है।
गाजियाबाद। भाजपा नेत्री और सुप्रीम कोर्ट की अधिवक्ता नाजिया इलाही ने पाकिस्तान और कुवैत से जान से मारने की धमकी मिलने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि व्हाट्सएप पर उन्हें धमकी भरे वॉयस नोट और वीडियो भेजे गए हैं। इनमें उनका सिर कलम कर उससे फुटबॉल खेलने की बात कही गई है। साथ ही, उनके बेटे की हत्या करने की धमकी भी दी गई है। इस मामले में नाजिया ने इंदिरापुरम थाने में लिखित शिकायत देकर प्राथमिकी दर्ज करने और परिवार की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।
इंदिरापुरम के वसुंधरा में रहने वाली नाजिया इलाही के मुताबिक, उन्हें कथित तौर पर शहजाद भुट्टी नेटवर्क से जुड़े हुनेन राणा की ओर से धमकियां मिली हैं। उनका आरोप है कि संदेशों में उन्हें और उनके बेटे को निशाना बनाने की बात कही गई है। इनमें उनकी मौत को लेकर भी डरावनी बातें कही गई हैं।
नाजिया ने बताया कि धमकी देने वालों के पास उनके घर के पते और वाहन से जुड़ी जानकारी भी है। इस वजह से उन्हें अपने और परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंता है।
उन्होंने मामले की शिकायत इंदिरापुरम थाना प्रभारी को लिखित रूप में दी है। शिकायत के बाद एसीपी इंदिरापुरम, थाना प्रभारी और अन्य अधिकारी उनसे मिलने पहुंचे। अधिकारियों ने करीब एक घंटे तक उनसे बातचीत कर पूरे मामले की जानकारी ली।
सुरक्षा बढ़ाने और सुरक्षाकर्मी बदलने की मांग
नाजिया के अनुसार, पुलिस अधिकारियों ने उनकी बात सुनी और जांच में सहयोग किया। उन्होंने बताया कि मामले में कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है, लेकिन फिलहाल उनके लिए परिवार की सुरक्षा सबसे अहम है।
उन्होंने पुलिस से जल्द सुरक्षा बढ़ाने की अपील की, ताकि वह और उनका परिवार बिना किसी डर के रह सकें। इसके साथ ही उन्होंने अपने साथ तैनात मौजूदा सुरक्षाकर्मी को बदलने की मांग भी की है। नाजिया का कहना है कि वर्तमान सुरक्षाकर्मी सुस्त रहता है और उन्हें ऐसे सुरक्षाकर्मी की जरूरत है, जो सतर्क रहकर अपनी जिम्मेदारी निभाए।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.