बेंगलुरु में FDA की बड़ी कार्रवाई, सरकारी कैंटीन में मिले एक्सपायर्ड खाद्य पदार्थ; कई ठिकानों पर छापे

HIGHLIGHTS
- आरोग्य सौधा की कैंटीन में एक्सपायर्ड इडली रवा और नारियल पाउडर मिला
- खाद्य सामग्री के भंडारण में FSSAI दिशानिर्देशों का पालन नहीं पाया गया
- विकासा सौधा की कैंटीन को सील कर दिया गया
बेंगलुरु। खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने बेंगलुरु में बड़े स्तर पर कार्रवाई शुरू की है। अभियान के तहत FDA की टीमों ने सरकारी प्रतिष्ठानों, गोदामों और निजी कैंटीनों में भी छापेमारी की।
कार्रवाई के दौरान कर्नाटक स्वास्थ्य विभाग के मुख्यालय 'आरोग्य सौधा' की कैंटीन में अस्वच्छता के साथ एक्सपायर्ड इडली रवा और नारियल पाउडर मिला। इसके बाद कैंटीन को नोटिस जारी कर बंद करने का आदेश दिया गया।
FDA अधिकारियों ने मगदी रोड स्थित कैंटीन में छापेमारी की थी। जांच के दौरान वहां एक्सपायर्ड इडली रवा और नारियल मिला। अधिकारियों ने पाया कि खाद्य उत्पादों को भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) के दिशानिर्देशों के अनुसार स्टोर नहीं किया गया था। इसके अलावा पर्याप्त कीट नियंत्रण के उपाय भी नहीं किए गए थे। इसके बाद विभाग की ओर से कैंटीन को नोटिस जारी किया गया।
किचन में मिले कॉकरोच
बेंगलुरु में चलाए गए व्यापक खाद्य सुरक्षा अभियान के दौरान कई स्टार होटलों, गोदामों और खाद्य निर्माण इकाइयों की जांच की गई। इस दौरान विकासा सौधा स्थित एक कैंटीन को सील कर दिया गया। वहीं, विधान सौधा परिसर में संचालित 'मल्लिगे ऊटाडा माने' रेस्तरां को तत्काल प्रभाव से बंद करने का आदेश दिया गया।
जांच के दौरान यहां सफाई की कमी और गंदगी के साथ कॉकरोच पाए गए। कीट नियंत्रण के पर्याप्त उपाय नहीं होने के कारण विकासा सौधा की कैंटीन और विधान सौधा परिसर स्थित रेस्तरां को बंद करने के निर्देश दिए गए।
Zepto के गोदाम पर भी कार्रवाई
इससे पहले मंगलवार को FDA ने बेंगलुरु ग्रामीण के होसकोटे तालुक में निप्पॉन एक्सप्रेस द्वारा संचालित Zepto के एक गोदाम पर भी कार्रवाई की थी। जांच के दौरान वहां लेबलिंग नियमों का उल्लंघन, उत्पादों की गलत ब्रांडिंग और खाद्य पदार्थों के रखरखाव व भंडारण में अस्वच्छता पाई गई। इसके बाद गोदाम को सील कर दिया गया।
Zomato Hyperpure यूनिट की भी जांच
खाद्य आपूर्ति श्रृंखला से जुड़े प्रमुख संचालकों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत FDA अधिकारियों ने सकलवारा स्थित Zomato की 'Hyperpure' यूनिट का निरीक्षण भी किया। यह सुविधा कई बड़े होटलों को खाद्य पदार्थ और अन्य कच्चे उत्पाद उपलब्ध कराती है।
अधिकारियों के मुताबिक परिसर साफ-सुथरा था, लेकिन जांच के दौरान लेबलिंग, लाइसेंसिंग और भंडारण से संबंधित कई गंभीर अनियमितताएं और कमियां सामने आईं।
अधिकारियों ने Zomato Hyperpure यूनिट से जांच के लिए कुल 40 नमूने लिए। इनमें पांच कानूनी नमूने और 35 सर्वेक्षण नमूने शामिल हैं। विभाग ने Zomato Hyperpure यूनिट को कारण बताओ नोटिस जारी किया है और निर्धारित प्रावधानों के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.


























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.