अयोध्या राम मंदिर में सामान्य दर्शन पास की बुकिंग बंद, वेबसाइट से हटाया गया विकल्प

HIGHLIGHTS
- ट्रस्ट ने सामान्य दर्शन पास की बुकिंग का विकल्प अपनी आधिकारिक वेबसाइट से हटा दिया है।
- सुगम दर्शन और आरती पास की ऑनलाइन बुकिंग पहले की तरह जारी रहेगी।
- मई के अंत में ही मंदिरों में दर्शन के लिए पास की अनिवार्यता समाप्त कर दी गई थी।
अयोध्या। श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने सामान्य दर्शन पास की सुविधा समाप्त कर दी है। इसके साथ ही ट्रस्ट की आधिकारिक वेबसाइट से सामान्य दर्शन पास की ऑनलाइन बुकिंग का विकल्प भी हटा दिया गया है। हालांकि, सुगम दर्शन और आरती पास की ऑनलाइन बुकिंग पहले की तरह जारी रहेगी।
ट्रस्ट ने मंदिर परिसर में दर्शन के लिए पास की अनिवार्यता मई के अंत में ही समाप्त कर दी थी। इसके बावजूद श्रद्धालु सामान्य दर्शन पास बुक करके मंदिरों में दर्शन कर रहे थे। पास की बाध्यता खत्म होने के बाद भी ऑनलाइन बुकिंग का विकल्प मौजूद रहने से इसके दुरुपयोग की आशंका जताई जा रही थी।
बीते जून में ओडिशा की एक महिला श्रद्धालु ने होटल संचालक पर सामान्य दर्शन पास के लिए प्रति व्यक्ति एक हजार रुपये वसूलने का आरोप लगाया था। इस मामले में उन्होंने मुख्यमंत्री से शिकायत भी की थी। इसके बाद ट्रस्ट ने सामान्य दर्शन पास की ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा पूरी तरह बंद कर दी और वेबसाइट से इसका विकल्प भी हटा दिया।
रामजन्मभूमि परिसर में सभी मंदिरों का निर्माण पूरा होने के बाद श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने 13 अप्रैल से सात पूरक मंदिरों और सात ऋषि-मुनियों के मंदिरों में दर्शन शुरू कराए थे। शुरुआत में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए ट्रस्ट ने पास के माध्यम से दर्शन की व्यवस्था लागू की थी।
पूरक और सप्तर्षि मंदिरों में दर्शन के लिए ट्रस्ट ने पहले से उपलब्ध सुगम और विशिष्ट दर्शन पास के साथ सामान्य पास की सुविधा भी 10 अप्रैल से शुरू की थी। सामान्य दर्शन पास की बुकिंग केवल ट्रस्ट की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन होती थी।
करीब दो महीने बाद जब श्रद्धालुओं की संख्या सामान्य स्तर पर पहुंच गई, तो ट्रस्ट ने मई के अंत में दर्शन के लिए पास की अनिवार्यता समाप्त कर दी। इसके बाद श्रद्धालु अपनी इच्छानुसार परिसर के सभी मंदिरों में दर्शन करने लगे।
फिलहाल भी यही व्यवस्था लागू है। पूरक मंदिरों और सप्तर्षि मंदिरों में दर्शन के लिए पास लेना अनिवार्य नहीं है। हालांकि, वेबसाइट पर सामान्य पास बुक करने का विकल्प बने रहने से इसके दुरुपयोग की आशंका थी। इसी वजह से ट्रस्ट ने इस सुविधा को पूरी तरह बंद कर दिया है।
रामजन्मभूमि परिसर में स्थित मंदिर
राम मंदिर: भूतल पर रामलला और प्रथम तल पर रामपरिवार के दर्शन होते हैं।
परकोटे के मध्य स्थित मंदिर: मां दुर्गा, मां अन्नपूर्णा, भगवान गणेश, भगवान शंकर, भगवान सूर्य और हनुमान मंदिर।
परकोटे के बाहर स्थित मंदिर: शेषावतार लक्ष्मण मंदिर, महर्षि वाल्मीकि, गुरु वशिष्ठ, गुरु विश्वामित्र, ऋषि अगस्त्य, माता शबरी, माता अहिल्या और निषादराज गुह्य के मंदिर।
यात्री सुविधा केंद्र परिसर: गोस्वामी तुलसीदास मंदिर।
प्राचीन कुबेर टीला: कुबेरेश्वर महादेव मंदिर।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.