यूपी में चीनी का पर्याप्त स्टॉक, अफवाहों पर ध्यान न दें: योगी सरकार

HIGHLIGHTS
- प्रदेश के गोदामों में 70.64 लाख क्विंटल चीनी उपलब्ध है।
- चीनी मिलों का संचालन अक्टूबर के अंतिम सप्ताह से शुरू होगा।
- नए सत्र 2026-27 की चीनी नवंबर में उपभोक्ताओं के लिए उपलब्ध होगी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को प्रदेश में चीनी की उपलब्धता को लेकर विभागीय अधिकारियों से जानकारी ली। इसके बाद चीनी उद्योग एवं गन्ना विकास विभाग ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि राज्य में चीनी का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है और इसकी कोई कमी नहीं है। विभाग ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें। त्योहारों के दौरान भी चीनी की पर्याप्त उपलब्धता बनी रहेगी।
प्रदेश के गोदामों में फिलहाल 70.64 लाख क्विंटल चीनी का स्टॉक उपलब्ध है। इसमें सहकारी चीनी मिलों के पास 13.40 लाख क्विंटल, निगम की चीनी मिलों के पास 2.93 लाख क्विंटल और निजी क्षेत्र की चीनी मिलों के पास 54.3 लाख क्विंटल से अधिक चीनी मौजूद है।
इसके अलावा चीनी मिलों का संचालन अक्टूबर के अंतिम सप्ताह से शुरू हो जाएगा। इससे नवंबर में नए सत्र 2026-27 के तहत उत्पादित चीनी भी जल्द ही उपभोक्ताओं के लिए उपलब्ध हो जाएगी।
इससे पहले मंगलवार को केंद्र सरकार के खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण विभाग के सचिव ने भी उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की थी। इसमें चीनी की कीमतों पर प्रभावी नियंत्रण रखने और देशभर में इसकी सुचारु उपलब्धता सुनिश्चित करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए थे।
इसके बाद बुधवार को गन्ना आयुक्त ने क्षेत्रीय अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। उन्होंने चीनी के स्टॉक का भौतिक सत्यापन करने, कीमतों पर नियंत्रण रखने और लगातार निगरानी एवं सत्यापन के जरिए जरूरी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.