कनाडा बनेगा यूरोपीय संघ का पहला एसोसिएट सदस्य, व्यापार और रक्षा में बढ़ेगा सहयोग

HIGHLIGHTS
- मॉन्ट्रियल में 29 और 30 अक्टूबर को 21वां कनाडा-EU शिखर सम्मेलन आयोजित हुआ।
- बैठक में 20 से अधिक नए उपायों पर सहमति बनी।
- दोनों पक्षों ने डिजिटल व्यापार समझौते को अंतिम रूप दिया।
कनाडा और यूरोपीय संघ (ईयू) ने अपने आपसी रिश्तों को और मजबूत बनाने की दिशा में अहम पहल की है। दोनों पक्ष कनाडा को यूरोपीय संघ का पहला 'एसोसिएट सदस्य' बनाने की संभावनाओं पर काम करेंगे। यह दर्जा पूर्ण सदस्यता से एक स्तर नीचे होगा, लेकिन इसके जरिए कनाडा को ईयू के साथ व्यापार, अर्थव्यवस्था, तकनीक और रक्षा सहित कई क्षेत्रों में व्यापक सहयोग का मौका मिलेगा।
कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कनाडा और यूरोपीय संघ पूर्ण सदस्यता से अलग, सबसे गहरे स्तर की साझेदारी स्थापित करने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।
कार्नी के मुताबिक, मॉन्ट्रियल में हुई बैठक के दौरान दोनों पक्षों ने 20 से ज्यादा नए उपायों पर सहमति जताई। इनका मकसद अटलांटिक के दोनों तरफ आर्थिक अवसर बढ़ाना, लोगों के लिए चीजें किफायती बनाना और संप्रभुता को मजबूत करना है।
यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंटोनियो कोस्टा ने क्या कहा?
यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंटोनियो कोस्टा ने भी इस पहल को ऐतिहासिक बताया। उन्होंने एक्स पर लिखा कि यूरोपीय संघ-कनाडा शिखर सम्मेलन में दोनों पक्षों ने पूर्ण सदस्यता के अलावा हर संभव क्षेत्र में करीबी सहयोग करने पर सहमति जताई है।
कनाडा के प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार, आने वाले महीनों में दोनों पक्ष एसोसिएट सदस्यता की व्यवस्था के स्वरूप, दायरे और विषयों को अंतिम रूप देंगे।
21वां कनाडा-यूरोपीय संघ शिखर सम्मेलन 29 और 30 अक्टूबर को मॉन्ट्रियल में हुआ। इसमें कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी के अलावा यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंटोनियो कोस्टा और यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने हिस्सा लिया। सम्मेलन के बाद दोनों पक्षों की ओर से संयुक्त बयान भी जारी किया गया।
इस बैठक में व्यापार और तकनीक से जुड़े कई महत्वपूर्ण समझौते किए गए। कनाडा और यूरोपीय संघ ने डिजिटल व्यापार समझौते को अंतिम रूप दिया और प्रतिस्पर्धा से जुड़े समझौते पर बातचीत पूरी कर ली। इसके अलावा कनाडा यूरोपीय हाई परफॉर्मेंस कंप्यूटिंग ज्वाइंट अंडरटेकिंग का हिस्सा बन गया है। इससे कनाडाई शोधकर्ताओं को यूरोप के अत्याधुनिक जुपिटर सुपरकंप्यूटर तक पहुंच मिल सकेगी।
समझौते में किन क्षेत्रों पर बनी सहमति?
महत्वपूर्ण खनिजों के क्षेत्र में भी दोनों पक्षों ने सहयोग बढ़ाने का फैसला किया है। कनाडा ने एक संधि रूपरेखा पर हस्ताक्षर किए हैं, जिसके तहत यूरोपीय निवेश बैंक कनाडा की महत्वपूर्ण खनिज परियोजनाओं में निवेश कर सकेगा।
इसके अलावा, कनाडा से यूरोप को तरलीकृत प्राकृतिक गैस (एलएनजी) की आपूर्ति बढ़ाने की संभावनाओं पर भी अध्ययन किया जाएगा। दोनों पक्षों के बीच एक नई ट्रांसअटलांटिक डेटा केबल बिछाने पर विचार करने की भी सहमति बनी है।
शिक्षा और अनुसंधान के क्षेत्र में भी कनाडा की भागीदारी बढ़ाने की योजना है। इसके तहत कनाडा यूरोपीय संघ के इरास्मस प्लस कार्यक्रम में व्यापक भागीदारी और अगले होराइजन यूरोप अनुसंधान कार्यक्रम में शामिल होने को लेकर बातचीत करेगा।
रक्षा क्षेत्र में भी एक अहम घोषणा की गई। कनाडा ने यूरोपीय संघ की 'सिक्योरिटी एक्शन फॉर यूरोप' (सेफ) पहल के तहत अपना दूसरा अनुबंध हासिल किया है। 4.4 करोड़ डॉलर से अधिक के इस अनुबंध के तहत मॉन्ट्रियल की कंपनी गैल्वियन लातविया को सैन्य हेलमेट की आपूर्ति करेगी।
कनाडा के प्रधानमंत्री कार्यालय ने क्या कहा?
कनाडा के प्रधानमंत्री कार्यालय ने अपने बयान में कहा, 'दुनिया पहले से अधिक असुरक्षित और विभाजित हो गई है। ऐसे में संप्रभुता की जरूरतों और उसकी परिभाषा में भी बदलाव आया है।'
प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने कहा कि यूरोपीय संघ के साथ कनाडा के संबंध साझा इतिहास, समान मूल्यों और आपसी सम्मान पर टिके हैं। उन्होंने कहा, 'संप्रभुता का वास्तविक अर्थ किसी देश और उसके नागरिकों को अपनी शर्तों पर जीवन जीने की स्वतंत्रता मिलना है।'
गौरतलब है कि वस्तुओं और सेवाओं के व्यापार के मामले में यूरोपीय संघ कनाडा का दूसरा सबसे बड़ा साझेदार है। कनाडा के प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार, वर्ष 2025 में दोनों पक्षों के बीच कुल व्यापार करीब 178 अरब डॉलर का था।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.