अमेरिका में दो महीने से लापता भारतीय मूल की अजीत कौर का शव नहर में मिला

HIGHLIGHTS
- अजीत कौर के लापता होने की सूचना 23 अगस्त 2026 को दर्ज हुई थी।
- उन्हें आखिरी बार तड़के करीब 1:45 बजे व्हिटमोर एवेन्यू और मिशेल रोड के पास देखा गया था।
- 24 अक्टूबर को TID के एक कर्मचारी को नियमित गश्त के दौरान शव मिला।
वाशिंगटन। अमेरिका के कैलिफोर्निया में रहने वाली भारतीय मूल की महिला अजीत कौर करीब दो महीने से लापता थीं। अब उनका शव नहर में काम करने वाले एक कर्मचारी को नियमित गश्त के दौरान मिला है।
सेरेस पुलिस विभाग (CPD) के मुताबिक, बरामद शव अजीत कौर का है, जो अगस्त से लापता थीं। शव को स्टैनिस्लॉस काउंटी कोरोनर कार्यालय (SCCO) भेजा गया था, जहां 27 अक्टूबर को उनकी पहचान की गई।
अगस्त से लापता थीं अजीत कौर
अजीत कौर के लापता होने की सूचना 23 अगस्त 2026 को मिली थी। वह सेरेस स्थित कासा ग्रांडे अपार्टमेंट कॉम्प्लेक्स से लापता हुई थीं। पुलिस के अनुसार, उन्हें आखिरी बार उसी दिन तड़के करीब 1:45 बजे शहर में व्हिटमोर एवेन्यू और मिशेल रोड के नजदीक देखा गया था।
पुलिस ने बताया कि शनिवार, 24 अक्टूबर को टरलॉक इरिगेशन डिस्ट्रिक्ट (TID) के एक कर्मचारी को सेरेस में सेंट्रल एवेन्यू और कीज रोड के पास 'लोअर लैटरल 3' नहर में एक शव मिला। उस समय कर्मचारी अपनी नियमित गश्त कर रहा था। इस क्षेत्र की नहर व्यवस्था का प्रबंधन TID करता है।
नहर में कैसे पहुंचीं अजीत कौर?
जांचकर्ताओं का अनुमान है कि अजीत कौर अपार्टमेंट कॉम्प्लेक्स के पूर्वी हिस्से में मौजूद TID नहर में चली गई होंगी। पुलिस ने बताया कि उन्हें तलाशने के लिए उपलब्ध सुरागों के आधार पर व्यापक स्तर पर अभियान चलाया गया था।
अधिकारियों ने सेरेस में नहरों के आसपास के पूरे क्षेत्र की तलाशी ली। इस काम में मर्सिड काउंटी शेरिफ कार्यालय से प्रशिक्षित K9 यानी खोजी कुत्ते की भी मदद ली गई, जिसे लापता लोगों की तलाश के लिए प्रशिक्षित किया गया था।
इसके साथ ही, स्टैनिस्लॉस काउंटी शेरिफ विभाग की डाइव यूनिट ने नहरों की जांच के लिए पानी के भीतर चलने वाले रिमोट सोनार ड्रोन का इस्तेमाल किया।
जांचकर्ताओं ने TID के साथ मिलकर उन जलमार्गों का नक्शा तैयार किया, जिनसे होकर अजीत कौर उस स्थान तक पहुंच सकती थीं। उन्होंने यह भी पता लगाने की कोशिश की कि कहीं वह TID के रेगुलेटिंग रिजर्वोयर (जलाशय) तक तो नहीं पहुंच गई थीं।
CPD ने अपने बयान में कहा, 'सेरेस पुलिस विभाग इस कठिन समय में कौर के परिवार और उनके करीबियों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता है। इस दुख की घड़ी में हमारी संवेदनाएं उनके साथ हैं। हम उन एजेंसियों और कर्मियों के आभारी हैं जिन्होंने इस पूरी जांच के दौरान मदद की।'
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.