चंद्रबाबू नायडू का अयोध्या दौरा, राम मंदिर में की पूजा-अर्चना

अयोध्या। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू बुधवार को रामनगरी अयोध्या पहुंचे। महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उनका स्वागत प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, अयोध्या विधायक वेद प्रकाश गुप्त और जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे ने किया। इसके बाद मुख्यमंत्री सीधे श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के लिए रवाना हुए।
राम जन्मभूमि मंदिर परिसर में चंद्रबाबू नायडू ने रामलला के दर्शन कर विधिवत पूजन किया। वह प्रतिष्ठा द्वादशी के अवसर पर आयोजित धार्मिक अनुष्ठानों में भी शामिल हुए। इसके अलावा उन्होंने सप्त ऋषि मंदिर में भी पूजा-अर्चना की।
दर्शन के बाद मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री नायडू ने कहा कि रामराज्य की अवधारणा किसी भी शासन व्यवस्था के लिए आदर्श मानी जाती है। उन्होंने श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के निर्माण में योगदान देने वाले सभी लोगों की सराहना करते हुए कहा कि यह मंदिर आने वाले समय में भारत का एक प्रमुख आध्यात्मिक केंद्र बनेगा। उन्होंने अच्छे दर्शन होने पर संतोष जताया और इसके लिए उत्तर प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने आगे कहा कि उत्तर प्रदेश विकास के रास्ते पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। नायडू ने कहा कि जब उत्तर प्रदेश और बिहार जैसे बड़े राज्य प्रगति करेंगे, तभी ‘विकसित भारत 2047’ का लक्ष्य साकार हो सकेगा। उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के कार्यों की प्रशंसा करते हुए उन्हें बधाई दी और कहा कि आने वाले दो वर्षों में राम मंदिर देश के अन्य मंदिरों के लिए एक मानक स्थापित करेगा।
कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री नायडू लगभग साढ़े तीन घंटे के प्रवास के बाद वापस महर्षि वाल्मीकि एयरपोर्ट पहुंचेंगे और वहां से विजयवाड़ा के लिए प्रस्थान करेंगे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.