बरेली क्लब के रक्षाबंधन कार्यक्रम में मची अफरा-तफरी, महिलाएं और बच्चे हुए बेहोश

HIGHLIGHTS
- कार्यक्रम में महिलाओं की भारी भीड़ जुटी
- मंच से बच्चों के गायब होने की घोषणाएं होती रहीं
- साड़ियां बांटे जाने से भीड़ और बढ़ने की बात
बरेली क्लब में बृहस्पतिवार को आयोजित रक्षाबंधन कार्यक्रम में भारी अव्यवस्था देखने को मिली। महापौर उमेश गौतम और पार्थ गौतम फाउंडेशन के अध्यक्ष पार्थ गौतम की ओर से आयोजित कार्यक्रम में महिलाओं की बड़ी संख्या में भीड़ जुट गई। भीड़ में घुटन के कारण कई महिलाएं और बच्चे बेहोश हो गए। उन्हें तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
कार्यक्रम के मंच से लगातार बच्चों के गायब होने की घोषणाएं की जा रही थीं। महिलाओं ने आरोप लगाया कि उन्हें कार्यक्रम स्थल तक पहुंचाने के लिए बसों की व्यवस्था थी, लेकिन वापस घर जाने के लिए कोई इंतजाम नहीं किया गया। भीड़ बढ़ने के कारण बरेली क्लब की ओर जाने वाली सभी सड़कों पर लंबा जाम लग गया।
सूचना मिलने के बाद सीओ प्रथम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने हालात को नियंत्रित करने के प्रयास शुरू किए। बताया जा रहा है कि कार्यक्रम में महिलाओं को साड़ियां बांटी जा रही थीं, जिसके चलते भीड़ और बढ़ गई। 40 वर्षीय रेखा भी साड़ी लेने के लिए कार्यक्रम में पहुंची थीं। गर्मी के कारण वह बेहोश होकर गिर गईं। उन्हें 108 एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल भेजा गया।
कार्यक्रम में रही अव्यवस्था
महिलाओं का कहना था कि आयोजकों ने भीड़ प्रबंधन पर ध्यान नहीं दिया। घर लौटने के लिए परिवहन की व्यवस्था नहीं होने से भी महिलाओं में नाराजगी थी। इसके चलते कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बताया जा रहा है कि मेयर के कार्यक्रम की जानकारी जिला प्रशासन को नहीं थी और न ही इसके लिए कोई अनुमति ली गई थी।
सड़कों पर लगा जाम
अव्यवस्था की सूचना मिलने पर सीओ प्रथम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने और स्थिति को सामान्य करने की कोशिश की। बरेली क्लब की ओर जाने वाली सभी सड़कों पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। इससे यातायात व्यवस्था भी बुरी तरह प्रभावित हुई।
जिला अस्पताल के ईएमओ डॉ. शैलेश रंजन ने बताया कि एंबुलेंस में बेहोश हुई महिला को रास्ते में ही होश आ गया था। उनके साथ तीन अन्य महिलाएं और एक पार्टी के नेता थे। धक्कामुक्की के दौरान गुम चोट लगने से महिला को दर्द था। सफोकेशन के कारण उन्हें चक्कर आया था। दवा लेने के बाद सभी अस्पताल से चली गईं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.