कल्याण सिंह की पुण्यतिथि पर CM योगी का सपा पर हमला, बोले- बाबूजी कभी झुके नहीं

HIGHLIGHTS
- अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम में ‘हिन्दू गौरव दिवस’ आयोजित हुआ।
- कार्यक्रम में प्रदेशभर से समर्थक पहुंचे।
- CM योगी ने राम जन्मभूमि आंदोलन के दौरान कल्याण सिंह की भूमिका को याद किया।
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह की पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम में उन्हें सच्चा पुरुषार्थी बताया। अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम में कल्याण सिंह ‘बाबूजी’ की पांचवीं पुण्यतिथि पर आयोजित ‘हिन्दू गौरव दिवस’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन के दौरान समाजवादी पार्टी पर भी निशाना साधा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कल्याण सिंह को नमन करते हुए कहा कि बाबूजी दबाव में आकर काम करने वाले नहीं थे। वे कहा करते थे कि कल्याण सिंह टूट सकता है, लेकिन झुक नहीं सकता। राम जन्मभूमि आंदोलन को याद करते हुए उन्होंने कहा कि संघर्ष स्वीकार है और सत्ता दूर हो, यह भी स्वीकार है, लेकिन अपने प्रभु श्रीराम का अपमान स्वीकार नहीं है।
उन्होंने कहा कि कल्याण सिंह ने राम के लिए सत्ता त्यागने का पुरुषार्थ दिखाया और राम मंदिर निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया। इसके अलावा उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य और इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में भी काफी काम किया और नकल माफियाओं पर शिकंजा कसा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कल्याण सिंह गर्व से कहते थे कि ‘मैं टूट सकता हूं, लेकिन झुक नहीं सकता।’ उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीति में सपा ने न्यूनतम शिष्टाचार भी नहीं निभाया और इस दल ने कल्याण सिंह की अंत्येष्टि से लेकर श्रद्धांजलि सभा तक से दूरी बनाए रखी।
गिरगिट की तरह रंग बदलने वाले लोगों पर तंज
कल्याण सिंह की पांचवीं पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अखिलेश यादव का नाम लिए बिना तंज कसा। उन्होंने कहा कि गिरगिट की तरह रंग बदलने वाले लोग ‘पी’ की परिभाषा कभी पीड़ित तो कभी पंडित बताते हैं, लेकिन किसी दिन ‘पी’ का अर्थ पाकिस्तान भी बता सकते हैं।
समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, “गिरगिट की तरह रंग बदलने वाले लोग कभी ‘पी’ की परिभाषा पिछड़ा बताते हैं तो कभी पंडित। अब तो कभी भी ‘पी’ की परिभाषा पाकिस्तान भी बता देंगे।”
सनातन धर्म और मानवता की सेवा को लेकर कही बात
सीएम योगी ने कहा कि सनातन धर्म और मानवता की सेवा के लिए कल्याण सिंह को हमेशा याद किया जाएगा। उन्होंने अखिलेश यादव से सवाल करते हुए पूछा कि कन्नौज मेडिकल कॉलेज और अहिल्याबाई होल्कर के नाम से बने महाविद्यालय का नाम क्यों बदला गया।
कार्यक्रम का आयोजन प्रदेश सरकार में मंत्री संदीप सिंह और एटा के पूर्व सांसद राजवीर सिंह ने किया था। इसमें प्रदेशभर से समर्थक पहुंचे। इस कार्यक्रम के जरिए भाजपा ने लोध समेत ओबीसी वोटों को भी साधने की कोशिश की।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.