यूपी के पांच शहरों में महंगी हुई CNG, जानें लखनऊ से उन्नाव तक के नए रेट

HIGHLIGHTS
- ग्रीन गैस लिमिटेड ने पांच शहरों के खुदरा मूल्य संशोधित किए हैं।
- नई कीमतें एक नवंबर की सुबह छह बजे से प्रभावी होंगी।
- लखनऊ और आगरा में सीएनजी का भाव 107 से बढ़कर 108 रुपये प्रति किलो हुआ।
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के पांच शहरों में सीएनजी की कीमतों में एक बार फिर इजाफा किया गया है। ग्रीन गैस लिमिटेड (जीजीएल) ने लखनऊ, आगरा, उन्नाव, अयोध्या और सुलतानपुर में सीएनजी के नए खुदरा मूल्य जारी किए हैं। लखनऊ में सीएनजी एक रुपये महंगी होकर 108 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई है। नई दरें एक नवंबर की सुबह छह बजे से लागू होंगी।
ग्रीन गैस लिमिटेड के डीजीएम मार्केटिंग प्रवीण सिंह ने बताया कि सर्दियों के मौसम में गैस की मांग बढ़ने और वैश्विक आपूर्ति को लेकर बनी अनिश्चितता के कारण रीगैसिफाइड लिक्विफाइड नेचुरल गैस (आरएलएनजी) की खरीद लागत बढ़ गई है। इसी वजह से सीएनजी की खुदरा कीमतों में बदलाव किया गया है।
नई दरों के मुताबिक, आगरा में भी सीएनजी एक रुपये महंगी होकर 108 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई है। वहीं, उन्नाव में सबसे ज्यादा 2.25 रुपये प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी की गई है। यहां अब सीएनजी 103.75 रुपये की जगह 106 रुपये प्रति किलो मिलेगी।
अयोध्या और सुलतानपुर में भी सीएनजी के दाम एक रुपये प्रति किलोग्राम बढ़ाए गए हैं। इन दोनों शहरों में अब नई कीमत 106 रुपये प्रति किलो होगी।
शहरवार सीएनजी की नई कीमतें
| शहर | नई कीमत (रुपये/किलो) | पुरानी कीमत (रुपये/किलो) |
|---|---|---|
| लखनऊ | 108 | 107 |
| आगरा | 108 | 107 |
| उन्नाव | 106 | 103.75 |
| अयोध्या | 106 | 105 |
| सुलतानपुर | 106 | 105 |
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.


















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.