दिल्ली में शीतलहर का कहर जारी, न्यूनतम तापमान 3.8°C पर पहुंचा

दिल्ली में ठंडी और सर्द हवाओं का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। बुधवार को राजधानी में लगातार तीसरे दिन शीतलहर का प्रकोप देखने को मिला, जिससे लोगों को दिन-रात कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ा। सुबह और देर रात गलन अधिक रही, वहीं कोहरे के कारण कई इलाकों में दृश्यता भी प्रभावित हुई। हालांकि, दिन में धूप निकलने से कुछ समय के लिए राहत जरूर मिली।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, बुधवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से 1.7 डिग्री कम रहते हुए 21.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री रहा, जो औसत से 3.6 डिग्री नीचे है। राजधानी में आर्द्रता का स्तर भी ऊंचा रहा, जहां अधिकतम नमी 100 प्रतिशत और न्यूनतम 47 प्रतिशत तक दर्ज की गई।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) का कहना है कि आने वाले दो दिनों तक भी सर्दी से राहत मिलने की संभावना नहीं है। इसी को देखते हुए गुरुवार के लिए शीतलहर का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
अलग-अलग इलाकों में न्यूनतम तापमान भी काफी नीचे दर्ज किया गया। रिज क्षेत्र में तापमान 4.6 डिग्री, आया नगर में 4 डिग्री, लोधी रोड में 3.6 डिग्री और पालम में 4.4 डिग्री सेल्सियस रहा। बुधवार को राजधानी के कई हिस्सों में शीतलहर के साथ-साथ कोहरे का असर देखने को मिला। पालम में सुबह करीब 8:30 बजे हल्के कोहरे के कारण दृश्यता घटकर 350 मीटर तक सीमित हो गई, जबकि सफदरजंग इलाके में सुबह 8 बजे दृश्यता लगभग 200 मीटर दर्ज की गई।
मौसम विभाग ने लोगों को सुबह और देर रात के समय अतिरिक्त सतर्कता बरतने की सलाह दी है। साथ ही, कोहरे के कारण वाहन चालकों को धीमी गति से चलने और सावधानी बरतने के निर्देश भी दिए गए हैं।
16 से 20 जनवरी तक मौसम का पूर्वानुमान
मौसम विभाग के मुताबिक, 16 से 20 जनवरी 2026 के बीच दिल्ली में आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रह सकता है। इस दौरान सुबह के समय हल्का से मध्यम कोहरा छाए रहने की संभावना है।
16 जनवरी को अधिकतम तापमान 22 से 24 डिग्री और न्यूनतम तापमान 6 से 8 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। इस दिन उत्तर-पश्चिम और उत्तर दिशा से हल्की हवाएं चल सकती हैं।
17 जनवरी को तापमान में मामूली बढ़ोतरी हो सकती है। अधिकतम तापमान 23 से 25 डिग्री और न्यूनतम 7 से 9 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना जताई गई है। इस दिन उत्तर-पश्चिम, उत्तर-पूर्व और पूर्व दिशा से हल्की हवाएं चलेंगी और सुबह हल्का से मध्यम कोहरा बना रह सकता है।
18 से 20 जनवरी तक भी मौसम का मिजाज लगभग इसी तरह बना रहने का अनुमान है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.