कोहरे की चादर में लिपटी दिल्ली, तापमान 5 डिग्री तक गिरने के आसार

राजधानी दिल्ली एक बार फिर तेज ठंड की गिरफ्त में है। पिछले दो दिनों से शीतलहर जैसे हालात बने हुए हैं और इसी को देखते हुए भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने शनिवार के लिए कोहरे का यलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, दिन में अधिकतम तापमान लगभग 17 डिग्री सेल्सियस और रात में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री के आसपास रह सकता है। शाम और देर रात के समय हल्की धुंध छाने की संभावना जताई गई है।
गुरुवार की सुबह दिल्ली में कोहरे और धुंध के साथ हुई, जिससे कई इलाकों में दृश्यता प्रभावित रही। आसमान में हल्के बादल छाए रहने के कारण दिन के शुरुआती घंटों में धूप नहीं निकल सकी, हालांकि दोपहर बाद धूप निकलने से ठंड से कुछ राहत मिली। इस दौरान अधिकतम तापमान सामान्य से करीब डेढ़ डिग्री कम 17.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री रहा, जो औसत से थोड़ा नीचे था। आर्द्रता का स्तर भी ऊंचा रहा, अधिकतम नमी 100 प्रतिशत और न्यूनतम 63 प्रतिशत दर्ज की गई।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, रिज और आया नगर में न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री, लोधी रोड में 6.1 डिग्री और पालम में 4.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। बीते 24 घंटों में सफदरजंग क्षेत्र में हल्की धुंध के दौरान दृश्यता घटकर 500 मीटर तक पहुंच गई, जबकि पालम में घने कोहरे के कारण दृश्यता महज 100 मीटर दर्ज की गई।
आईएमडी का कहना है कि आने वाले दिनों में दिल्ली का मौसम आमतौर पर साफ बना रहेगा, लेकिन सुबह और देर रात के समय कोहरे व धुंध की स्थिति बनी रह सकती है। 8 से 14 जनवरी के बीच तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है और ठंड का असर जारी रहेगा।
अगले एक सप्ताह का पूर्वानुमान
मौसम विभाग के मुताबिक 9 जनवरी को आसमान साफ रहेगा, हालांकि सुबह के समय कुछ इलाकों में हल्का से घना कोहरा देखने को मिल सकता है। 10 से 12 जनवरी के बीच भी मौसम साफ रहने का अनुमान है, लेकिन सुबह के घंटों में हल्का से मध्यम कोहरा छा सकता है। इन दिनों अधिकतम तापमान 15 से 18 डिग्री और न्यूनतम 5 से 8 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।
13 और 14 जनवरी को आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। इन दोनों दिनों में भी सुबह के वक्त हल्का से मध्यम कोहरा रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने खास तौर पर सुबह के समय लोगों से सतर्क रहने की अपील की है और वाहन चालकों को कम दृश्यता के चलते सावधानी बरतने की सलाह दी है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.