दिल्ली में यमुना का जलस्तर घटकर 203.21 मीटर पहुंचा, खतरे के निशान से काफी नीचे

HIGHLIGHTS
- शनिवार रात 204.09 मीटर तक पहुंचा था यमुना का जलस्तर।
- हथनीकुंड बैराज से पानी छोड़ने की मात्रा घटकर करीब 13 हजार क्यूसेक हुई।
- इस मानसून अब तक यमुना चेतावनी स्तर तक नहीं पहुंची है।
नई दिल्ली। हरियाणा के हथनीकुंड बैराज से पानी छोड़े जाने के बाद दिल्ली में बढ़ा यमुना नदी का जलस्तर अब धीरे-धीरे नीचे आने लगा है। रविवार शाम छह बजे ओल्ड रेलवे ब्रिज के पास यमुना का जलस्तर 203.21 मीटर दर्ज किया गया। इससे पहले शनिवार रात जलस्तर करीब 204.09 मीटर तक पहुंच गया था।
पिछले कुछ दिनों में हथनीकुंड बैराज से ज्यादा मात्रा में पानी छोड़े जाने के चलते दिल्ली में यमुना का जलस्तर बढ़ा था। आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, बृहस्पतिवार को बैराज से करीब 20 हजार से 30 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया था। शुक्रवार दोपहर तक यह मात्रा बढ़कर करीब 43 हजार क्यूसेक हो गई थी। इसी दौरान शुक्रवार को दिल्ली में यमुना का जलस्तर 203.05 मीटर दर्ज किया गया।
हालांकि, शनिवार को हथनीकुंड बैराज से छोड़े जाने वाले पानी की मात्रा घटकर करीब 13 हजार क्यूसेक रह गई। इसके बाद दिल्ली में भी यमुना का जलस्तर कम होने लगा। फिलहाल नदी का जलस्तर चेतावनी स्तर से नीचे है।
पुराने लोहा पुल के पास यमुना का जलस्तर 204.5 मीटर तक पहुंचने या हथनीकुंड बैराज से एक लाख क्यूसेक पानी छोड़े जाने की स्थिति में प्रशासन की ओर से चेतावनी जारी की जाती है। यमुना का खतरे का निशान 205.33 मीटर है।
इस मानसून सीजन में अब तक दिल्ली में यमुना का जलस्तर चेतावनी स्तर तक नहीं पहुंचा है। जलस्तर में कमी आने के बाद फिलहाल प्रशासन और आसपास रहने वाले लोगों ने राहत की सांस ली है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.