मुजफ्फरनगर में नॉनवेज दुकानों को ढकने के निर्देश, कांवड़ यात्रा को लेकर ASP ने दिए आदेश

HIGHLIGHTS
- कांवड़ यात्रा को देखते हुए मुजफ्फरनगर प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी है।
- एएसपी सिद्धार्थ के. मिश्रा ने मीट दुकानदारों को मांस खुले में नहीं रखने के निर्देश दिए।
- प्रशासन ने शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए संवेदनशील क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ाई है।
मुजफ्फरनगर। हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर लौट रहे शिवभक्त कांवड़ियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को लेकर तैयारियां और तेज कर दी हैं।
मंगलवार शाम करीब 6:30 बजे अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के. मिश्रा ने शहर के मीनाक्षी चौक क्षेत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नॉनवेज होटल और मीट दुकानों के संचालकों के साथ बैठक कर जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए।
निरीक्षण के दौरान एएसपी ने सभी होटल और मीट विक्रेताओं को निर्देश दिए कि किसी भी परिस्थिति में दुकान पर रखा मांस खुले में दिखाई नहीं देना चाहिए। उन्होंने कहा कि मीट को हरे या अन्य उपयुक्त कपड़े से पूरी तरह ढककर रखा जाए, ताकि कांवड़ मार्ग से गुजरने वाले शिवभक्तों की धार्मिक भावनाओं का सम्मान बना रहे और किसी तरह की अप्रिय स्थिति पैदा न हो।
व्यवसाय में हस्तक्षेप नहीं, व्यवस्था बनाए रखना उद्देश्य- एएसपी
एएसपी सिद्धार्थ के. मिश्रा ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य किसी के व्यापार में अनावश्यक हस्तक्षेप करना नहीं है। कांवड़ यात्रा के दौरान शांति, सौहार्द और कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है।
उन्होंने सभी दुकानदारों से प्रशासन के निर्देशों का पालन करने और सहयोग करने की अपील की।
संवेदनशील क्षेत्रों में बढ़ाई गई निगरानी
मीडिया से बातचीत में एएसपी ने बताया कि कांवड़ियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। इसे देखते हुए संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
उन्होंने कहा कि यदि जिलाधिकारी स्तर से जरूरी निर्देश जारी किए जाते हैं तो कांवड़ यात्रा के दौरान संबंधित दुकानों को बंद कराने की कार्रवाई भी की जाएगी।
प्रशासन का कहना है कि कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी तरह की अव्यवस्था या विवाद की स्थिति से बचने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं, ताकि शिवभक्तों की यात्रा शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित माहौल में पूरी हो सके।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.