मुजफ्फरनगर के मुकुंदपुर में जमीन पर कब्जे को लेकर विवाद, 18 लोग गिरफ्तार

HIGHLIGHTS
- विवादित जमीन का मामला न्यायालय में विचाराधीन बताया गया है।
- मौके पर पहले पक्ष के 16 और दूसरे पक्ष के दो लोग मौजूद थे।
- पुलिस के समझाने के बावजूद दोनों पक्ष शांत नहीं हुए।
मुजफ्फरनगर के तितावी थाना क्षेत्र के गांव मुकुंदपुर में विवादित भूमि पर कब्जे को लेकर शनिवार दोपहर करीब 2 बजे के बाद दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस की मौजूदगी के बावजूद कोई भी पक्ष पीछे हटने को तैयार नहीं हुआ।
विवाद बढ़ने और मौके पर शांति व्यवस्था बिगड़ने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों के कुल 18 लोगों को गिरफ्तार कर लिया। इसके अलावा पुलिस ने मौके से एक ट्रैक्टर, एक होंडा सिटी कार और पांच मोटरसाइकिल समेत सात वाहनों को भी सीज किया है।
पुलिस के अनुसार, मुकुंदपुर गांव में विवादित भूमि पर कब्जे को लेकर दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने थे और मामला आमादा फसाद की स्थिति तक पहुंच गया था। पुलिस की जांच में सामने आया कि विवादित भूमि से संबंधित मामला न्यायालय में विचाराधीन है। मौके पर पहले पक्ष के 16 और दूसरे पक्ष के दो लोग मौजूद थे।
पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर स्थिति सामान्य करने की कोशिश की, लेकिन पुलिस के मुताबिक दोनों पक्ष शांत होने के बजाय और अधिक उत्तेजित हो गए। इसके बाद शांति एवं कानून व्यवस्था भंग होने की आशंका को देखते हुए दोनों पक्षों के 18 लोगों को हिरासत में लेकर धारा 170/126/135 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की गई।
पुलिस के मुताबिक पहले पक्ष में मुकुंदपुर निवासी योगेंद्र सिंह और उनके बेटे सूरज के अलावा अलग-अलग जिलों और क्षेत्रों से आए लोग शामिल थे। इनमें बागपत, शामली और मेरठ क्षेत्र के युवक भी बताए गए हैं। दूसरे पक्ष से मुकुंदपुर निवासी उदयवीर और धर्मवीर को गिरफ्तार किया गया।
सात वाहन किए गए सीज
घटनास्थल से पुलिस ने दोनों पक्षों से जुड़े कुल सात वाहनों को भी कब्जे में लिया। इनमें एक ट्रैक्टर, एक होंडा सिटी कार और पांच मोटरसाइकिल शामिल हैं। पुलिस सभी वाहनों को थाना तितावी लेकर आई और धारा 207 मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.