कटिहार में कॉकरोच थीम पर सजा दुर्गा पूजा पंडाल, अनोखी सजावट बनी आकर्षण का केंद्र

HIGHLIGHTS
- विनोदपुर में कॉकरोच थीम पर तैयार किया गया अनोखा पंडाल।
- पश्चिम बंगाल के नवद्वीप से बुलाए गए कारीगरों ने किया निर्माण।
- पंडाल को तैयार करने में लगा करीब एक महीने का समय।
कटिहार। देश की राजनीति में कॉकरोच को लेकर हो रही चर्चा के बीच कटिहार के विनोदपुर में भी तिलचट्टा लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। यहां दुर्गा पूजा समिति ने मकड़ी के जाल और थर्मोकोल से तैयार कॉकरोच की आकृतियों के जरिए एक अनोखा पंडाल सजाया है। पंडाल की खास सजावट बच्चों के साथ-साथ शहरवासियों को भी लुभा रही है।
विनोदपुर दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष नवीन कुमार गोयनका ने बताया कि यहां वर्ष 1935 से मां दुर्गा की पूजा की जा रही है। पहले इस क्षेत्र को बंगाली टोला के नाम से जाना जाता था। पूर्वजों द्वारा शुरू की गई पूजा की परंपरा आज भी कायम है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कॉकरोच थीम का राजनीति से कोई संबंध नहीं है। इसे बच्चों के मनोरंजन और लोगों को कुछ नया अनुभव कराने के उद्देश्य से तैयार किया गया है।
समिति के सचिव अमर प्रताप के अनुसार, पंडाल के निर्माण के लिए पश्चिम बंगाल के नवद्वीप से कारीगरों को बुलाया गया था। इसे तैयार करने में लगभग एक महीने का समय लगा। पंडाल, मां दुर्गा की प्रतिमा और पूरे आयोजन पर करीब पांच लाख रुपये खर्च किए गए हैं।
पंडाल में सेल्फी लेने और तस्वीरें खिंचवाने के लिए भी विशेष आकर्षण तैयार किए गए हैं। मकड़ी के जाल और कॉकरोच की अनोखी सजावट के बीच मां दुर्गा की प्रतिमा श्रद्धालुओं के लिए आस्था का प्रमुख केंद्र बनी हुई है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.