गाजियाबाद की वसुंधरा पुलिस चौकी में धमाका, तहरीक-उल-मुजाहिदीन हिंदुस्तान ने ली जिम्मेदारी

HIGHLIGHTS
- गाजियाबाद के इंदिरापुरम थाना क्षेत्र की वसुंधरा पुलिस चौकी में शुक्रवार रात करीब 10 बजे ब्लास्ट हुआ।
- धमाके से चौकी के दो कमरों की खिड़कियां टूट गईं और दीवार में दरार आ गई।
- पुलिस की जांच में एलिवेटेड रोड से विस्फोटक फेंके जाने की बात सामने आई।
गाजियाबाद के इंदिरापुरम थाना क्षेत्र स्थित वसुंधरा पुलिस चौकी में शुक्रवार रात हुए धमाके को लेकर जांच में कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आई हैं। रात करीब 10 बजे अचानक हुए ब्लास्ट की तीव्रता इतनी थी कि चौकी के दो कमरों की खिड़कियां टूट गईं और दीवार में भी दरार आ गई।
घटना के बाद शनिवार सुबह पुलिस कमिश्नर जे रविन्द्र गौड़ ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। उनके साथ आईबी सहित अन्य जांच एजेंसियों की टीमें भी मौके पर पहुंचीं और मामले की पड़ताल शुरू की। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि एलिवेटेड रोड से विस्फोटक फेंका गया था। पुलिस कमिश्नर ने कहा कि जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
किस संगठन ने ली ब्लास्ट की जिम्मेदारी?
वसुंधरा पुलिस चौकी में हुए धमाके के बाद एक संगठन ने इसकी जिम्मेदारी लेने का दावा किया है। तहरीक-उल-मुजाहिदीन हिंदुस्तान नाम के संगठन ने ब्लास्ट की जिम्मेदारी ली है।
गाजी-2 नाम के अकाउंट से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट साझा कर धमाके की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया है। जांच में सामने आया है कि जिस अकाउंट से यह पोस्ट की गई, उसके केवल दो फॉलोअर हैं।
जानकारी के मुताबिक, यह सोशल मीडिया अकाउंट अगस्त 2025 में बनाया गया था। पुलिस और संबंधित जांच एजेंसियां पूरे मामले की जांच कर रही हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.