गाजियाबाद में फर्जी पोस्ट से तनाव फैलाने की कोशिश, पाकिस्तान से संचालित हो रहे एक्स अकाउंट!

HIGHLIGHTS
- एक्स के कुछ अकाउंट से देश की आंतरिक सुरक्षा से जुड़े संवेदनशील मुद्दों पर पोस्ट की जा रही हैं।
- साइबर क्राइम पुलिस थाने में 10 नवंबर को एफआईआर दर्ज की गई थी।
- कपूरफैम और क्यूटगर्लइंडिया 21 समेत अज्ञात अकाउंट संचालकों को आरोपी बनाया गया है।
गाजियाबाद। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कुछ हैंडल के जरिए लगातार देश की आंतरिक सुरक्षा से जुड़े संवेदनशील मुद्दों को निशाना बनाकर पोस्ट की जा रही हैं। पुलिस ने जांच के बाद इन पोस्ट को हटाने के लिए एक्स को ई-मेल भेजा था, लेकिन अब तक न तो सभी पोस्ट हटाई गई हैं और न ही संबंधित अकाउंट बंद किए गए हैं।
सूत्रों के मुताबिक, ये अकाउंट पाकिस्तान से संचालित किए जा रहे हैं। पुलिस ने इन एक्स अकाउंट के खिलाफ साइबर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
साइबर क्राइम पुलिस थाने में 10 नवंबर को इस मामले में एफआईआर दर्ज की गई थी। इसमें एक्स यूजर आईडी कपूरफैम और क्यूटगर्लइंडिया 21 के अज्ञात संचालकों को आरोपी बनाया गया था।
शांति व्यवस्था बिगड़ने की जताई गई आशंका
पुलिस के अनुसार, 10 नवंबर को इन अकाउंट से किसी अज्ञात स्थान पर मौजूद भीड़ के वीडियो साझा किए गए थे। इनके साथ गाजियाबाद में पांच मस्जिदों को गिराए जाने, नमाज के दौरान पुलिस की ओर से गोली चलाने और इसके विरोध में लोगों के सड़कों पर उतरने जैसे फर्जी दावे भी किए गए थे। इन पोस्ट से सांप्रदायिक तनाव फैलने और शांति व्यवस्था बिगड़ने की आशंका जताई गई थी।
एफआईआर दर्ज होने के बाद भी इन अकाउंट के माध्यम से अलग-अलग संवेदनशील मुद्दों को जोड़कर एक सुनियोजित नैरेटिव बनाने की कोशिश जारी है।
कपूरफैम अकाउंट पर पार्वती कपूर नाम का इस्तेमाल किया गया है। इस पर राष्ट्रीय प्रतीकों से जुड़ी तस्वीरें भी लगाई गई हैं और अकाउंट के अक्टूबर 2026 में जुड़ने का विवरण दिखाई देता है। वहीं, दूसरे अकाउंट से भी भारतीय पहचान, झंडे और भारतीय नागरिक होने के दावों के साथ पोस्ट की गई हैं। शुरुआती जांच में इन खातों के पाकिस्तान से संचालित होने की बात सामने आई है।
सभी खातों से मिलती-जुलती पोस्ट की जा रहीं
एक्स पर इन अकाउंट को देखने पर पता चलता है कि तीनों से एक जैसी या मिलती-जुलती पोस्ट साझा की गई हैं। गाजियाबाद में मस्जिद तोड़े जाने का फर्जी वीडियो भी तीनों अकाउंट से पोस्ट किया गया है। इनमें से दो एक्स अकाउंट तनुशी तिवारी के नाम से बनाए गए हैं, हालांकि दोनों की यूजर आईडी अलग-अलग हैं।
तीनों अकाउंट के फॉलोअर्स की संख्या क्रमशः 225, 40 और 26 है। फॉलोअर्स की संख्या इतनी कम होने के बावजूद इनके कुछ वीडियो को 50 हजार से अधिक बार देखा जा चुका है।
अलग-अलग राज्यों में तनाव फैलने के दावे
एक प्रोफाइल के जरिए अलग-अलग राज्यों और दो समुदायों को जोड़कर तनावपूर्ण दावे किए गए। कभी गाजियाबाद में मस्जिद को घेरने की पुरानी तस्वीर साझा की गई, तो कभी तमिलनाडु में झड़प और मौतों से जुड़ी बातें पोस्ट की गईं। पुलिस की एफआईआर में भी ऐसे भ्रामक दावों के कारण शांति व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका जताई गई है।
राष्ट्रीय प्रतीकों की आड़ में विवादित पोस्ट
एक अकाउंट पर राष्ट्रीय प्रतीकों वाली तस्वीर और भारतीय नाम का इस्तेमाल कर भारतीय पहचान दिखाने की कोशिश की गई। इसी हैंडल से रक्षा तैयारियों, लड़ाकू विमानों, करतारपुर कॉरिडोर और संवेदनशील घटनाओं को लेकर झूठे दावे पोस्ट किए गए। पुलिस की एफआईआर में इस हैंडल को भी शामिल किया गया है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.