गाजियाबाद में 9 महीने के मासूम की संदिग्ध मौत, मां ने पति पर लगाया हत्या का आरोप

HIGHLIGHTS
- गाजियाबाद के बयाना गांव में नौ महीने के मासूम की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत।
- मां प्रियंका ने पति अभिषेक पर बेटे की गला घोंटकर हत्या करने का आरोप लगाया।
- महिला का दावा है कि दिवाली की रात पति ने बच्चे को मारने की धमकी दी थी।
- मां के मुताबिक, बच्चे के गले पर खरोंच के निशान मौजूद थे।
उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में नौ महीने के मासूम बच्चे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। बच्चे की मां ने अपने पति पर गला घोंटकर हत्या करने का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि पति ने बच्चे की मौत को प्राकृतिक बताकर उसका शव दफना दिया। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं, बच्चे के शव को कब्र से निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
काम पर गई थी मां, लौटी तो बेसुध मिला बच्चा
मामला गाजियाबाद के वेव सिटी थाना क्षेत्र के बयाना गांव का है। बच्चे की मां प्रियंका ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि सोमवार सुबह करीब साढ़े 7 बजे वह वेव सिटी में काम करने गई थी। उस समय घर पर उसका नौ महीने का बेटा, पति अभिषेक और ननद खुशबू मौजूद थे। प्रियंका के अनुसार, सुबह करीब साढ़े 10 बजे जब वह घर लौटी तो उसने पति से बच्चे के बारे में पूछा। अभिषेक ने बताया कि बच्चा कमरे में सो रहा है। कुछ देर बाद जब प्रियंका कमरे में पहुंची तो बच्चे के शरीर में कोई हलचल नहीं थी।
दिवाली की रात पति ने दी थी बच्चे को मारने की धमकी
महिला का आरोप है कि जब उसने बच्चे को देखा तो उसकी सांसें थम चुकी थीं और गले पर खरोंच के निशान भी थे। प्रियंका के मुताबिक, पति ने बच्चे की मौत को प्राकृतिक बताकर शव दफनाने के लिए दबाव बनाया। इसके बाद मासूम के शव को गांव के चौहाने में दफना दिया गया।
प्रियंका ने पुलिस को बताया कि दिवाली की रात पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। पति पर शक होने के कारण दोनों के बीच कहासुनी हुई थी। इसी दौरान अभिषेक ने बच्चे को मारने की धमकी भी दी थी।
बेटे की मौत को सामान्य बताता रहा पिता
प्रियंका का आरोप है कि घटना के बाद उसका पति घर में ही घूमता रहा और बच्चे की मौत को सामान्य बताने की कोशिश करता रहा। महिला के अनुसार, उसका पति नशे का आदी है और शादी के बाद से ही उसे प्रताड़ित करता आ रहा है। दोनों की शादी वर्ष 2022 में हुई थी। प्रियंका मेहनत-मजदूरी करके किसी तरह अपना जीवन यापन कर रही है।
अस्पताल लेकर पहुंचा था पिता, लेकिन नहीं बची थी जान
बताया जा रहा है कि अभिषेक बच्चे को अस्पताल भी लेकर गया था, लेकिन उस समय तक उसकी मौत हो चुकी थी। मायके पक्ष के लोगों के पहुंचने के बाद महिला ने पति के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। उसने बच्चे के गले पर मौजूद निशानों से जुड़े फोटो और वीडियो भी पुलिस को सौंपे हैं।
शिकायत के आधार पर वेव सिटी थाना पुलिस ने अभिषेक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस की मौजूदगी में कब्र से निकाला गया बच्चे का शव
इस मामले में एसीपी वेव सिटी प्रियाश्री पाल ने बताया कि बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए कब्र से बाहर निकलवाने की प्रक्रिया शुरू की गई थी। जिलाधिकारी से अनुमति मिलने के बाद नामित एसीपी कोतवाली, नामित मजिस्ट्रेट उपासना पांडेय, एसीपी वेव सिटी प्रियाश्री पाल और पुलिस बल की मौजूदगी में शव को कब्र से निकलवाकर मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है। उन्होंने बताया कि मेडिकल परीक्षण की रिपोर्ट आने के बाद ही बच्चे की मौत के वास्तविक कारण का पता चल सकेगा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.