मुजफ्फरनगर में तीन बच्चों का पिता किन्नर के साथ फरार, पत्नी ने लगाए तीन तलाक के आरोप

HIGHLIGHTS
- अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर मारपीट का आरोप लगाया
- महिला ने जोया नाम की किन्नर से पति के पुराने संबंध होने का दावा किया
- पति के जोया को घर लाने का भी महिला ने आरोप लगाया
मुजफ्फरनगर में तीन बच्चों का पिता एक किन्नर के साथ फरार हो गया। गुरुवार दोपहर करीब 3 बजे उसकी पत्नी एसएसपी ऑफिस पहुंची। महिला ने वीडियो दिखाते हुए अपने पति पर तीन तलाक देने का आरोप लगाया और एसएसपी से न्याय की मांग की।
महिला ने कहा कि उसका पति किन्नर के साथ भाग गया है। उसने एसएसपी से सवाल किया कि अब उसके बच्चों का क्या होगा और उनका भविष्य कैसे सुरक्षित होगा। महिला ने कहा कि उसके पास पति और किन्नर के अफेयर से जुड़े वीडियो हैं।
महिला के मुताबिक, करीब 6 साल पहले उसकी शादी आर्यपुरी निवासी इस्तिखार बेग से मुस्लिम रीति-रिवाज के अनुसार हुई थी। उसके तीन बच्चे हैं। महिला का आरोप है कि शादी के बाद ससुराल पक्ष की ओर से अतिरिक्त दहेज की मांग की जाती थी। मांग पूरी नहीं होने पर उसके साथ मारपीट की जाती थी।
किन्नर से पति के संबंध होने का दावा
महिला ने दावा किया कि उसके पति का जोया नाम की किन्नर से शादी से पहले से अफेयर था। उसका कहना है कि शादी के बाद भी दोनों के बीच बातचीत और मुलाकात जारी रही। महिला के मुताबिक, उसका पति कई बार जोया को घर भी लेकर आया। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई।
महिला ने बताया कि उसके पास पति और जोया के अफेयर से जुड़े कई वीडियो मौजूद हैं। उसने कहा कि पुलिस की जांच के दौरान वह ये वीडियो उपलब्ध कराएगी।
2 जून को मारपीट का आरोप
महिला ने आरोप लगाया कि 2 जून को पति इस्तिखार, नंदोई और ससुराल पक्ष के अन्य लोगों ने उसके साथ मारपीट की। महिला के अनुसार, मारपीट के दौरान वह बेहोश हो गई थी। इसके बाद उसने रिश्तेदारों को जानकारी दी। मिमलाना रोड निवासी उसके मामा ससुराल पहुंचे और परिवार के लोगों से बातचीत की।
तीन तलाक देकर घर से निकालने का आरोप
महिला के मुताबिक, विवाद के बाद उसके पति ने उसे तीन तलाक देकर घर से चले जाने के लिए कहा। इसके बाद वह अपने तीनों बच्चों के साथ रिश्तेदार के यहां रहने लगी। महिला का दावा है कि उसका पति अब अलग रह रहा है और जोया नाम की किन्नर के साथ चला गया है।
पुलिस से जांच और कार्रवाई की मांग
महिला ने कहा कि पति के चले जाने के बाद उसके और बच्चों के सामने आर्थिक और पारिवारिक संकट खड़ा हो गया है। उसने पुलिस से पूरे मामले की जांच कराने की मांग की है। साथ ही, वीडियो और अन्य सबूतों की जांच कर पति और ससुराल वालों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.