UAE और सिंगापुर जाने वाले भारतीयों के लिए बड़ी खुशखबरी, अब UPI से होगी ऑनलाइन बुकिंग और पेमेंट

HIGHLIGHTS
- UAE और सिंगापुर में भारतीय यात्रियों के लिए UPI भुगतान की सुविधा का विस्तार।
- बुर्ज खलीफा के ‘एट द टॉप’ में UPI से पेमेंट स्वीकार किया जाएगा।
- सिंगापुर के रिसॉर्ट्स वर्ल्ड सेंटोसा में भी मिलेगी डिजिटल भुगतान की सुविधा।
नई दिल्ली। संयुक्त अरब अमीरात (UAE) और सिंगापुर की यात्रा करने वाले भारतीयों के लिए राहत भरी खबर है। अब भारतीय यात्री इन दोनों देशों में अपनी पसंदीदा UPI ऐप के जरिए विभिन्न सेवाओं की बुकिंग करने के साथ-साथ ऑनलाइन भुगतान भी कर सकेंगे।
इस सुविधा से भारतीय पर्यटकों को करेंसी एक्सचेंज कराने की परेशानी से राहत मिलेगी। वे बिना विदेशी मुद्रा बदलवाए आसानी से अपनी यात्रा से जुड़ी बुकिंग और पेमेंट कर सकेंगे। वित्त मंत्रालय के मुताबिक, यह पहल भारतीय यात्रियों के लिए यात्रा की प्रक्रिया को अधिक आसान बनाने की दिशा में एक अहम कदम है।
UAE और सिंगापुर में इन जगहों पर कर सकेंगे UPI से भुगतान
नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) की अंतरराष्ट्रीय शाखा NPCI इंटरनेशनल पेमेंट्स लिमिटेड (NIPL) ने UAE और सिंगापुर में UPI भुगतान की सुविधा का विस्तार करने के लिए रणनीतिक साझेदारी की घोषणा की थी। ये घोषणाएं 29 जुलाई 2026 और 9 सितंबर 2026 को की गई थीं। इसका उद्देश्य ऑनलाइन बुकिंग के लिए UPI भुगतान को उपलब्ध कराना है।
UAE में NEOPAY और Emaar Entertainment के साथ साझेदारी के तहत बुर्ज खलीफा के ‘एट द टॉप’ आकर्षण में UPI से भुगतान स्वीकार किया जा रहा है।
वहीं, सिंगापुर में प्रमुख पेमेंट संस्थान FOMO Pay के सहयोग से UPI भुगतान की सुविधा को रिसॉर्ट्स वर्ल्ड सेंटोसा तक पहुंचाया गया है। गौरतलब है कि सिंगापुर ने वर्ष 2025 में 12 लाख भारतीय पर्यटकों का स्वागत किया था।
बुर्ज खलीफा के एट द टॉप और रिसॉर्ट्स वर्ल्ड सेंटोसा के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर ऑनलाइन खरीदारी के लिए UPI को शामिल किया गया है। इनमें यूनिवर्सल स्टूडियोज सिंगापुर, सिंगापुर ओशनारियम और एडवेंचर कोव वॉटरपार्क जैसे आकर्षण शामिल हैं। इस पहल का उद्देश्य विदेशों में भारतीय यात्रियों को आसान और भरोसेमंद क्रॉस-बॉर्डर भुगतान की सुविधा देना है।
इन 10 देशों में पहले से उपलब्ध है UPI की सुविधा
भारतीय यात्री फिलहाल सिंगापुर, संयुक्त अरब अमीरात, फ्रांस, मॉरीशस, नेपाल, भूटान, कतर, श्रीलंका, कंबोडिया और ग्रीस समेत 10 देशों में UPI के जरिए भुगतान कर सकते हैं।
इसके अलावा उज्बेकिस्तान भी इस सूची में 11वें देश के रूप में शामिल होने की तैयारी में है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.