फतेहपुर में बिजली उपकेंद्र की मशीन में छिपकली घुसने से फाल्ट, हजारों उपभोक्ता प्रभावित

HIGHLIGHTS
- रसूलपुर सानी बिजली उपकेंद्र में खराबी के बाद काई और कस्बा सोहन फीडर प्रभावित हुए।
- उपकेंद्र से जुड़े छह हजार घरेलू और व्यावसायिक उपभोक्ताओं को बिजली आपूर्ति मिलती है।
- कर्मचारियों ने मशीन की मरम्मत शुरू की, शाम तक सप्लाई बहाल करने का प्रयास किया गया।
फतेहपुर। रसूलपुर सानी बिजली उपकेंद्र में कस्बा सोहन इनकमिंग मशीन के अंदर छिपकली घुस जाने से फाल्ट हो गया। मंगलवार दोपहर करीब पौने 12 बजे तेज धमाके के साथ मशीन में खराबी आई, जिसके बाद काई और कस्बा सोहन फीडर से जुड़े गांवों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई।
रसूलपुर सानी बिजली उपकेंद्र में कुल आठ फीडर हैं, जिनसे करीब छह हजार घरेलू और व्यावसायिक उपभोक्ताओं को बिजली मिलती है।
मशीन में खराबी आने के बाद कर्मचारियों ने मरम्मत का काम शुरू किया। कर्मचारियों का कहना है कि अगर मशीन ठीक होकर काम करने लगी तो शाम पांच बजे तक सभी फीडरों की बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी। मशीन को दुरुस्त करने के प्रयास जारी हैं।
वहीं, अगर मशीन ठीक नहीं हो पाई तो प्रभावित गांवों को दूसरे फीडर से जोड़कर बिजली आपूर्ति शुरू करने की योजना बनाई गई है।
बिजली कटौती से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। पौली निवासी कबूल हसन ने बताया कि बिजली न होने से पेयजल की समस्या पैदा हो गई है।
कठरिया निवासी सुधीर यादव ने कहा कि मूंग और उरद की फसल में पानी लगाने का समय है, लेकिन निजी ट्यूबवेल नहीं चल पाने से फसल प्रभावित हो रही है।
तक्कीपुर निवासी धीरेन्द्र सिंह ने बताया कि बिजली नहीं होने से घरों में लगे पंखे और कूलर बंद हैं। गर्मी से राहत के लिए बच्चे और बुजुर्ग पेड़ों के नीचे समय बिताने को मजबूर हैं।
अवर अभियंता राजेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि मशीन की मरम्मत का कार्य चल रहा है और जल्द ही बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.