काशीपुर हाईवे चौड़ीकरण की तैयारी तेज, 56 दुकानों पर 5 अगस्त से चलेगा प्रशासन का हथौड़ा

HIGHLIGHTS
- लोक निर्माण विभाग ने दुकानदारों को पहले ही चिह्नित सीमा तक दुकानें हटाने की अपील की थी।
- चौड़ीकरण के बाद सड़क की चौड़ाई बढ़कर दोनों ओर 60-60 फीट तक हो जाएगी।
- जल संस्थान और ऊर्जा निगम ने लाइन व बिजली ढांचे को शिफ्ट करने की तैयारी शुरू कर दी है।
रुद्रपुर। काशीपुर हाईवे के एक किलोमीटर हिस्से के चौड़ीकरण की प्रक्रिया में करीब 56 दुकानदार प्रभावित होंगे। प्रशासन की ओर से पांच अगस्त से इन दुकानों को हटाने की कार्रवाई शुरू की जाएगी।
करीब 13.72 करोड़ रुपये की लागत वाले इस प्रोजेक्ट को लोक निर्माण विभाग पूरा करेगा। चौड़ीकरण के तहत जल संस्थान को अपनी पेयजल लाइनें शिफ्ट करनी हैं, जबकि ऊर्जा निगम को बिजली के पोल और ट्रांसफार्मर हटाने हैं। दुकानों के हटने का इंतजार होने के कारण ये काम अभी तक रुके हुए हैं।
इस बीच प्रशासन की मुनादी के बाद कुछ दुकानदारों ने अपनी दुकानों को खुद ही हटाना शुरू कर दिया है। तैयारियों का जायजा लेने के लिए शहर विधायक शिव अरोरा ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक भी की।
काशीपुर हाईवे चौड़ीकरण से मिलेगी जाम से राहत
हल्द्वानी की ओर से आने वाले रामपुर हाईवे से त्रिशूल चौक और डीडी चौक होते हुए काशीपुर हाईवे जाने का रास्ता निकलता है। डीडी चौक से काशीपुर हाईवे तक पहुंचने के लिए बाजार के बीच से होकर गुजरना पड़ता है।
मौजूदा समय में यह मार्ग करीब 60 फीट चौड़ा है। अब इसे 60 फीट और चौड़ा किया जाएगा। यानी सड़क के सेंटर से दोनों तरफ 60-60 फीट तक चौड़ाई होगी। इससे त्रिशूल चौक पर लगने वाले जाम से राहत मिलने के साथ ही बाजार से गुजरने वाले लोगों को भी सुविधा होगी।
लोक निर्माण विभाग ने पहले ही दुकानदारों से चिह्नित निशान तक अपनी दुकानें हटाने की अपील की थी, लेकिन अभी तक अधिकांश जगहों पर स्थिति में बदलाव नहीं आया है।
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता गजेंद्र सिंह ने बताया कि पांच अगस्त से दुकानों को हटाने की कार्रवाई शुरू की जाएगी। इसके लिए रविवार को मुनादी भी कराई गई है, ताकि किसी दुकानदार को जानकारी नहीं होने की बात न कह सके। अब प्रशासन सीधे कार्रवाई करेगा।
दो महीने में पूरी होगी पेयजल लाइन शिफ्टिंग
जल संस्थान के अधिशासी अभियंता बद्रे आलम ने बताया कि काशीपुर मार्ग पर अतिक्रमण हटने के बाद विभाग पेयजल लाइन बिछाने का काम शुरू करेगा और इसे दो महीने के भीतर पूरा कर लिया जाएगा। इसके लिए लोक निर्माण विभाग की ओर से जल संस्थान को 80 लाख रुपये मिल चुके हैं।
अगस्त के अंत तक हटाए जाएंगे पोल और ट्रांसफार्मर
ऊर्जा निगम के अधिशासी अभियंता किशोर पंत ने बताया कि जहां भी खाली स्थान उपलब्ध था, वहां लाइन और पोल शिफ्ट करने का काम पूरा कर दिया गया है।
उन्होंने कहा कि पहले कार्यदायी विभाग की ओर से अतिक्रमण हटाया जाएगा। इसके बाद अगस्त महीने के अंत तक पोल और ट्रांसफार्मर हटाने का काम पूरा कर लिया जाएगा। इस कार्य के लिए लोक निर्माण विभाग ऊर्जा निगम को 1.90 करोड़ रुपये उपलब्ध करा रहा है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.